पुलिस स्मृति दिवस पर जशपुर में शहीदों को दी गई सलामी, 56 शहीद परिवारों का सम्मान कर, 154 वीर पुलिसकर्मियों को किया याद

Gupta Lochan
5 Min Read

जशपुरनगर। पुलिस स्मृति दिवस पर बुधवार को जशपुर के रक्षित केंद्र में शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस टुकड़ी ने सलामी देकर देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपनी जान गंवाने वाले जवानों को नमन किया। कार्यक्रम में देशभर में 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच ड्यूटी के दौरान शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों को याद किया गया। वहीं, जशपुर जिले के 56 शहीद परिवारों को बुलाकर सम्मानित किया गया। कलेक्टर रोहित व्यास, डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह सहित अधिकारियों ने शहीदों के परिजनों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया।
पुलिस स्मृति दिवस पर आयोजित परेड में प्रशिक्षु सूबेदार रविशंकर साहू ने मुख्य कमांडर की जिम्मेदारी संभाली। परेड के एक प्लाटून का नेतृत्व छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के पीसी दीपक यादव और दूसरे प्लाटून का नेतृत्व पीएसआई संदीप चौरसिया ने किया। पुलिसकर्मियों ने सलामी देकर शहीद जवानों के साहस, वीरता और कर्तव्य के प्रति समर्पण को याद किया। इसके बाद 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देशभर में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों के नाम पढ़े गए। शहीद स्मारक पर मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और शहीद परिवारों ने पुष्प अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में जशपुर जिले के 56 शहीद परिवारों को आमंत्रित किया गया था। कलेक्टर रोहित व्यास और डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह समेत अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें सम्मानित किया।इस दौरान शहीद परिवारों की पारिवारिक, व्यक्तिगत और आर्थिक समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने कहा कि परिवार अपनी समस्याओं से संबंधित विभागों को अवगत कराएं, ताकि उनके समाधान के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें। पुलिस विभाग ने शहीद परिवारों को हरसंभव मदद देने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए जान देने वाले जवानों के परिवारों का सम्मान करना और उनकी मदद करना सभी की जिम्मेदारी है। पुलिस विभाग शहीद परिवारों के साथ खड़ा है और उनकी परेशानियों को दूर करने के लिए संवेदनशीलता के साथ प्रयास करता रहेगा। कार्यक्रम के बाद पुलिस लाइन में शहीद परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। इसके बाद सभी परिजनों को सम्मानपूर्वक उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों ने देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनकी वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण हमेशा सभी के लिए प्रेरणा बना रहेगा। उनकी शहादत हमें पूरी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए हमेशा तैयार रहने का संदेश देती है। उन्होंने शहीद परिवारों के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि जशपुर पुलिस उनके साथ खड़ी है। परिवारों की समस्याओं को दूर करने और उन्हें जरूरी सहयोग देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस मौके पर पुलिस विभाग ने शहीद जवानों के आदर्शों पर चलते हुए जनसेवा और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करने का संकल्प भी दोहराया।
देशभर में हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। इसकी वजह 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में हुई घटना है। उस दिन चीनी सैनिकों के हमले का सामना करते हुए 10 भारतीय पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। उन्हीं जवानों की याद में हर साल यह दिवस मनाया जाता है। यह दिन देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर रोक लगाने और नागरिकों की रक्षा करते हुए शहीद होने वाले पुलिसकर्मियों को याद करने का अवसर है। पुलिसकर्मी कई बार मुश्किल हालात में भी अपनी ड्यूटी निभाते हैं और जरूरत पडऩे पर देश व समाज की सुरक्षा के लिए अपनी जान तक दे देते हैं। पुलिस स्मृति दिवस उनके साहस और बलिदान को याद करने के साथ उनके परिवारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी देता है।

Share This Article