रायगढ़। शारदीय नवरात्र को लेकर शहर सहित ग्रामीण अंचलों में धूम मची हुई है, ऐसे में आठवे दिन रविवार को देवी मंदिरों सहित घर-घर में माता महागौरी की धूमधाम से पूजा-अर्चना की गई। वहीं शाम होते ही पंडालों में विराजमान हुई मां अंबे के दर्शन करने भक्तों की भीड़ पहुंचने लगी थी, इससे देर रात तक पूरे शहर में जाम का नजारा देखने को मिला।
उल्लेखनीय है कि रविवार को महाअष्टमी पर्व पर सुबह से ही माता के उपासकों द्वारा मां महागौरी की अराधना किया गया, इससे अंचल के सभी देवी मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा, इस दौरान जहां सुबह और शाम को मंदिरों में लोग कतारबद्ध होकर माता का दर्शन किया तो वहीं शाम को आरती के बाद लोग शहर के चौक-चौराहों पर पंडालों में विराजमान हुई माता के दर्शन के दर्शन के लिए पहुंचे थे। इस दौरान कहीं ओडिशा के जगन्नाथ मंदिर का वैभव दर्शन के साथ गंगा आरती का आनंद उठाए तो कहीं बंगाल का मयूर महल की तर्ज पर बने पंडालों में लोगों ने माता का दर्शन कर सेल्फी लेते नजर आए। इस दौरान लोगों की संख्या बढ़ते ही शहर का यातायात व्यवस्था चरमरा गई थी। जिसे व्यवस्थित करने के लिए हर चौक-चौराहों सहित पंडालों के पास बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि लोगों को समस्या का सामना न करना पड़े। ऐसे में रंग-बिरंगी झालरों के बीच देर रात तक शहर की सडक़ों पर भीड़-भाड़ का नजारा देखने को मिला।
मंदिरों में की गई थी विशेष तैयारी
रविवार को शहर सहित अंचल के देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का जत्था पहुंचने लगा था, इस दौरान मानकेश्वरी मंदिर, चंद्रपुर स्थित चंद्रहासिनी माता, नाथलदाई मंदिर, तराईमाल स्थित मां बंजारी मंदिर, शहर के बुढ़ी माई मंदिर, अनाथालय स्थित दुर्गा मंदिर, केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड स्थित दुर्गा मंदिर के साथ भगवानपुर स्थित पूज्य मां गुरु अघोर शक्ति पीठ मंदिर में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे हुए थे। जहां पंडितों द्वारा वेद मंत्रोच्चारण के साथ माता महागौरी की पूजा कराई गई। जिससे सभी भक्त अपने हाथों में पूजा की थाल लिए माता के ध्यान में लगे रहे।
शाम से ही पंडालों में रही भीड़
शहर के चौक-चौराहों पर बने भव्य पंडालों में मां अम्बे की विशाल प्रतिमा स्थापित किया गया है, जिसको देखने के लिए शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से शाम होते ही बड़ी संख्या में लाग पहुंच रहे हैं। इसके चलते शाम से होते ही लोगों की चहल-पहल बढ़ जा रही है और देर रात तक जाम की भी स्थिति रहती है। साथ ही कई जगह तो लोग अपने दुपहिया व चार पहिया वाहनों को इधर-उधर खड़ी कर पैदल ही निकल पड़े थे, तब जाकर कहीं माता का दर्शन हो सका।
आज होगी सिद्धीदात्री की पूजा
उल्लेखनीय है कि नवरात्र के नवें दिन सोमवार को अंचल के देवी मंदिरों सहित घर-घर में माता सिद्धीदात्री की पूजा की जाएगी, इसके बाद कन्या भोज कराकर उपासक व्रत तोड़ेगे। इस दौरान देवी मंदिरों में महाभंडारा का भी आयोजन किया गया है। साथ ही जुटमिल गोगा मंदिर में भी नव कन्या भोज के बाद महाभंडारा का आयोजन होगा, जिसके लिए समिति के लोगों द्वारा पूरी तैयारी कर ली गई है। वहीं बताया जा रहा है कि दोपहर करीब एक जे से यहां भंडारा शुरू होगा, जो देर शाम तक चलने की बात कही जा रही है।

