रायगढ़. शारदीय नवरात्र के सातवें दिन शनिवार को देवी मंदिरों सहित घर-घर में माता कालरात्री की पूजा-अर्चना की गई। जिससे मंदिरों में सुबह से ही भक्त कतारबद्ध नजर आए। वहीं शाम होते ही पंडालों में विराजमान हुई मां अंबे के दर्शन करने भक्त पहुंचते रहे।
शनिवार को शारदीय नवरात्र के सप्तमी तिथी पर सुबह से ही माता के उपासकों द्वारा मां कालरात्री की अराधना किया गया, इससे अंचल के सभी देवी मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा, वहीं मंदिर आए भक्तों का कहना था कि नवरात्र का नौ दिन काफी विशेष रहता है। इसी मान्यता को लेकर लोग नवरात्र के दिनों में पूरे नौ दिनों तक लोग माता के नौ अलग-अलग रूपों की पूजा करते हैं। इसके साथ ही इन दिनों शहर में नवरात्र की धूम मची हुई है, जिससे सुबह से देर रात तक माता के जयकारे लग रहे हैं, साथ ही शहर के चौक-चौराहों पर दर्जनों की संख्या में माता का भव्य पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें एक से बढकऱ एक मनमोहक माता की प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसको देखने के लिए जहां शनिवार शाम से ही भक्त पहुंचने लगे थे, लोगों की संख्या बढऩे यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस की भी चौक-चौबंध व्यवस्था की गई थी, लेकिन इसके बाद भी हंडी चौक से लेकर सुभाष चौक सहित अन्य चौक चौराहों पर जाम जैसी स्थिति देखने को मिली।
मंदिरों में की गई थी विशेष तैयारी
शनिवार को शहर सहित अंचल के देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का जत्था पहुंचने लगा था, इस दौरान मानकेश्वरी मंदिर, चंद्रपुर स्थित चंद्रहासिनी माता, नाथलदाई मंदिर, तराईमाल स्थित मां बंजारी मंदिर, शहर के बुढ़ी माई मंदिर, अनाथालय स्थित दुर्गा मंदिर, केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड स्थित दुर्गा मंदिर के साथ भगवानपुर स्थित पूज्य मां गुरु अघोर शक्ति पीठ मंदिर में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे हुए थे। जहां पंडितों द्वारा वेद मंत्रोच्चारण के साथ माता कालरात्री की पूजा कराई गई। जिससे सभी भक्त अपने हाथों में पूजा की थाल लिए माता के ध्यान में लगे रहे।
पंडालों में पूरे दिन चला पूजा-पाठ
शनिवार को सप्तमी तिथी पर शहर के चौक-चौराहों पर सजाए गए विशाल पंडालों में पूरे दिन माता का प्राण-प्रतिष्ठा का दौर चला। वहीं शाम होते ही लोगों के दर्शन के लिए प्रतिमाओं का खोला गया था। जिसको देखने के लिए शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से भी देर रात तक लोग पहुंचते रहे। वहीं इस बार समिति के सदस्यों द्वारा पंडालों के साथ-साथ पूरे शहर को इलेक्ट्रिक लाइटों से इस कदर सजाया है कि पूरा शहर दुधिया रौशनी से चमक रहा है जो लोगों को वरबस ही आकृषित कर रहा है। साथ ही इस बार शहर में एक से बढकऱ एक पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें ओडिशा का भगवान जगन्नाथ मंदिर तो, गांधी गंज बंगाल का मयूर महल का लूक दिया गया है, वहीं इसके अलावा सुभाष चौक, हंडी चौक सहित अन्य स्थानों पर भी दूसरे शहरों के प्राचिन मंदिर का लूक दिया गया है,जो लोगों को खुब पसंद आ रहा है।
आज होगी महागौरी की पूजा
उल्लेखनीय है कि नवरात्र के आठवें दिन रविवार को अंचल के देवी मंदिरों सहित घर-घर में माता महागौरी की पूजा की जाएगी, इसके लिए मंदिरों में तैयारी की गई। वहीं कई मंदिरों में शनिवार रात करीब 12 बजे मां काली की पूजा शुरू हुई थी, जो रात करीब 3 बजे तक चला। इस दौरान कई भक्त पूरी रात मां काली की पूजा के लिए डटे रहे।

