रायगढ़। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्यों ने ग्रेड-पे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, पहले चरण में काली पट्टी लगाकर शुक्रवार को काम पर पहुंचे थे, इस दौरान उनका कहना था कि अगर इनकी मांगों पर विचार नहीं किया जाता है तो आने वाले दिनों में अनिश्चतकालीन हड़ताल करेंगे, जिसका जिम्मेदार शासन-प्रशासन होगा।
उल्लेखनीय है कि मेडिकल कॉलेज परिसर में नर्सिंग स्टाफ ने ग्रेड-पे वेतनमान को लेकर नारे लगाए और नर्सिंग संवर्ग ग्रेड-पे एवं वेतनमान की मांग करते हुए पूरा नर्सिंग स्टाफ काली पट्टी लगाकर काम पर पहुंचा और सुबह 11 बजे से अपना सांकेतिक आंदोलन शुरू किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पिछले करीब 14 सालों से नर्सिंग संवर्ग ग्रेड-पे व वेतनमान की मांग शासन-प्रशासन से कर रहा है, लेकिन इसके बाद भी उनकी मांग अब तक पूरी नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि इस मांग के संबंध में प्रस्ताव भी संबंधित विभाग/आयुक्त चिकित्सा शिक्षा द्वारा तैयार किया जा चुका है। प्रस्ताव तैयार होने के लगभग 9 माह बीत जाने के बाद भी उसे लागू नहीं किया गया है। ऐसे में नर्सिंग स्टाफ की मांग अब भी अधूरी है, जिससे आक्रोशित नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा शुक्रवार को 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक मेडिकल कॉलेज परिसर में सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया गया। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि शनिवार को भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और उसके बाद चिकित्सालय परिसर से अंबेडकर चौक तक स्कूटी रैली निकाली जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि अगर इसके बाद भी जल्द उनकी मांगों को लेकर सकारात्मक निर्णय नहीं किया जाता है तो विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया जाएगा।
अनिश्चतकालीन हड़ताल की चेतावनी
अस्पताल के गेट पर प्रदर्शन कर रहे नर्सिंग कर्मचारियों ने बताया कि फिलहाल दो दिनों तक अभी संकेतिक प्रदर्शन कर रहे हैं, इस अवधि में इनकी मांगे पूरी नहीं होती है तो 18 नवंबर से अनिश्चतकालीन आंदोलन करेंगे।

