रायगढ़। शहर सहित अंचल में शारदीय नवरात्र को लेकर धूम मची हुई है। ऐसे में शुक्रवार को नवरात्र के छठवें दिन जहां मां कात्यानी देवी की पूजा हुई तो वहीं पूरे दिन कलश यात्रा का दौर चलता रहा। वहीं शनिवार से शहर में बने दर्जनों की संख्या में भव्य पंडालों में मां दुर्गा विराजमान होगी। इसके लिए समिति के सदस्यों द्वारा पूरे शहर को रंग-विरंगी झालरों से सजाया है।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों शारदीय नवरात्र को लेकर शहर सहित अंचल में धूम मची हुई है। जिससे शहर में इस बार एक से बढ़ कर एक दुर्गा पंडाल तैयार किया गया है। जो शनिवार को सप्तमी तिथि पर मां दुर्गा को पंडालों में विराजमान किया जाएगा। इसके लिए लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। वहीं शुक्रवार को सुबह से ही अलग-अलग दुर्गा समितियों द्वारा कलश यात्रा निकाली गई थी, समिति के सदस्यों का कहना था कि माता जगतजननी को स्थापित करने के पहले कलश यात्रा निकली जाती है, जिससे पूरे दिन शहर में कलश यात्रा की धूम रही। साथ ही अब शनिवार को सुबह से ही पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण के बाद माता का प्राण प्रतिष्ठा कर स्थापित किया जाएगा, जिससे भक्त माता के दर्शन कर पूण्य के भागी बनेंगे। इसके साथ ही शुक्रवार को पूरे दिन शहर सहित अंचल के देवी मंदिरों में विधि-विधान से मां कात्यानी देवी की पूजा-अर्चना की गई। इससे बड़ी संख्या में महिला-पुरुष के साथ कन्याओं ने भी मां कात्यानी देवी की पूजा पूरी श्रद्धा के साथ किया।
देर शाम तक सडक़ों लगी रही भीड़
शहर में इस बार दर्जनों की संख्या में मां दुर्गा भव्य पंडाल तैयार किया गया है। इसको लेकर सुबह से ही कलश यात्रा निकलना शुरू हो गया था, जिसके चलते सडक़ों में जगह-जगह जाम का नजारा देखने को मिला। वहीं देर रात तक सभी कलश यात्रा का दौर समाप्त हुआ, ऐसे में अब शनिवार को सभी पंडालों में माता के विराजमान होते ही शाम से लोग दर्शन के लिए निकलेंगे, इससे अब अगले चार दिनों तक शहर में भीड़-भाड़ का माहौल रहेगा। इसके साथ ही दुर्गा समिति के संचालकों द्वारा एक से बढकऱ एक तैयारी की है। साथ ही शाम होते ही पूरा शहर दूधिया रौशनी व रंग-बिरंगी झालरों से जगमगा रहा है, जिसे देखने के लिए लोग शाम होते ही घर से निकल रहे हैं।
आज होगी कालरात्री की पूजा
शनिवार को मां दुर्गा के सातवां रूप कालरात्री की पूजा-अर्चना की जाएगी। बताया जाता है कि नवरात्री के सातवें दिन देवी मंदिरों में कालरात्री की निशा पूजन भी किया जाता है, जिसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। ऐसे में शनिवार को रात 12 बजे से निशा पूजन शुरू होगा और सुबह के तीन बजे तक चलेगा है। इस संबंध में पूज्य मां अघोर शक्ति पीठ के संस्थापक पंडित राजकुमार चौबे ने बताया कि नवरात्र के दिनों में सप्तमी पर कालरात्री की निशा पूजन करने से भक्तों की मनोकामना पूर्ण होती है। जिसको लेकर हर साल रात में बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंच कर मां की पूजन करते हैं।

