माँ अंबे के अलौकिक आभामंडल से जगमगाई खरसिया की पावन धरा

ऐतिहासिक नवरात्र महोत्सव में स्वर्ग-नर्क, अमरनाथ गुफा और सजीव सांस्कृतिक झांकियों ने मोहा मन

Gupta Lochan
6 Min Read

खरसिया। कैलाश शर्मा। आदिशक्ति, जगज्जननी माँ अंबे भवानी अपनी संपूर्ण अलौकिक आभा, दिव्य तेज और वात्सल्यमयी छटा के साथ इस वर्ष खरसिया की पावन धरा पर विराजमान हुई हैं। खरसिया का ऐतिहासिक एवं सुप्रसिद्ध नवरात्र महोत्सव इस समय अपने चरमोत्कर्ष पर है, जहाँ पूरा नगर ‘जय माता दी’ के जयकारों, घंटे-घडिय़ालों की गूँज और भक्ति रस से सराबोर नजर आ रहा है। नगर के लगभग 35 विशाल एवं भव्य पंडालों में स्थापित माँ दुर्गा की मनमोहक व सजल प्रतिमाएँ श्रद्धालुओं के मन को मोह रही हैं। महिषासुरमर्दिनी माँ दुर्गा का शक्ति स्वरूप और ब्रह्मांडीय ऊर्जा शास्त्रों में वर्णित माँ अंबे का शक्ति स्वरूप केवल एक प्रतिमा मात्र नहीं, बल्कि संपूर्ण ब्रह्मांडीय ऊर्जा का जीवंत प्रतीक है। दशभुजाधारी माँ दुर्गा अपने हाथों में त्रिशूल, चक्र, खड्ग और कमल धारण कर जहाँ एक ओर दुष्टों और नकारात्मक शक्तियों के संहार हेतु रौद्र रूप में प्रकट होती हैं, वहीं दूसरी ओर अपने सजल और करुणामयी नेत्रों से अपने हर भक्त पर वात्सल्य की अविरल धारा बरसाती हैं। सिंह पर सवार जगदम्बा का यह रूप भयमुक्ति, धर्म की स्थापना और असत्य पर सत्य की विजय का शाश्वत संदेश देता है। इस दिव्य एवं अलौकिक आभामंडल की महिमा का पूर्ण वर्णन कर पाना में जब स्वयं साक्षात माँ सरस्वती की वाणी भी माँ दुर्गा के इस अलौकिक तेज के समक्ष मौन हो जाए, जिस जगन्मयी माँ अंबे के अनंत सौंदर्य और तेज का बखान करने में वेद और पुराण भी नेति-नेति कह उठते हैं, उनके इस दिव्य स्वरूप को शब्दों में पिरोने का मुझ जैसे शब्दशिल्पी कलम के सिपाही ‘साधारण पत्रकार’ का खरसिया के समस्त पांडालों की अलौकिक छठा का वर्णन करने का सामर्थ्य ही क्या? मैं तो केवल एक अकिंचन भक्त की भाँति माँ के सजल दरबार की इस विहंगम छठा को अपनी कलम के माध्यम से नमन कर रहा हूँ। जगत जननी के अलौकिक दर्शनों के साथ कल्पना से परे भव्य पंडाल स्वर्ग-नर्क से लेकर साक्षात अमरनाथ गुफा के दर्शन इस वर्ष खरसिया के नवरात्र उत्सव की सबसे बड़ी विशेषता यहाँ के सृजनात्मक और थीम-आधारित पंडाल हैं, जो दर्शकों को एक अलग ही लोक में ले जा रहे हैं। माँ का यह अलौकिक आभामंडल इतना मनमोहक है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो स्वयं स्वर्ग की देव शक्तियाँ खरसिया के इन पावन पंडालों में उतर आईं हों।

पोस्ट ऑफिस रोड स्वर्ग और नर्क की रहस्यमयी थीम

इस पंडाल में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को जीवन के कर्म-दर्शन का अनोखा अहसास होता है। स्वर्ग और नर्क की परिकल्पना को कलात्मक रूप से उकेरती यह थीम दर्शकों को सोचने और आत्ममंथन करने पर विवश कर देती है। महुआ पाली रोड पर निर्मित पंडाल को साक्षात बर्फानी बाबा अमरनाथ की प्राकृतिक गुफा का स्वरूप दिया गया है। इसकी बनावट और सजावट ऐसी है कि दर्शनार्थियों को दुर्गम हिमालयी यात्रा का अनुभव घर बैठे ही प्राप्त हो रहा है।

प्राचीन भारत की जीवंत एवं सजीव झांकियां

शीतलानगर स्थित पंडाल में ग्रामीण संस्कृति और बीते दौर के भारत की यादों को जीवंत किया गया है। नाव चलाते हुए लोग, कुएं से जल भरती नारियां, ट्रैक्टर, घोड़ा-गाड़ी, मिट्टी को जीवंत आकार देते कुम्हार, ग्रामीण भारत का परिवेश और पारंपरिक झोपडिय़ों की ये प्रस्तुतियां पर्यटकों और परिवारों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं, जहाँ लोग यह सब करते हुए अपनी स्मृत्तियों को कैमरे में कैद कर रहे हैं। विशेष आकर्षण का केंद्र अदालत का पूरा सेटअप – आप इसमें कोर्ट रूम ड्रामा का फिल्मांकन कर सकते हैं, मजिस्ट्रेट की ड्रेस
पहनकर स्वयं मजिस्ट्रेट और साथियों को कठघरे में खड़ा कर सकते हैं।

जीवन प्रसंगों का सजीव नाट्य मंचन

केवल पंडालों की सजावट ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी इस महोत्सव की आत्मा बनी हुई हैं। पोस्ट ऑफिस रोड स्थित पंडाल के विशाल मंच पर स्थानीय एवं आमंत्रित कुशल कलाकारों द्वारा माँ दुर्गा के विभिन्न रूपों, महिषासुर वध और देवाधिदेव महादेव के जीवन प्रसंगों पर आधारित नाटकों का भावपूर्ण मंचन किया जा रहा है। पौराणिक कथाओं के इन जीवंत और ऊर्जावान मंचनों को देखने के लिए प्रतिदिन दर्शकों की अथाह भीड़ उमड़ रही है, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।

भक्तों का सैलाब और आध्यात्मिक आस्था का केंद्र

रात में भी दिन की रोशनी की तरह जगमगाते खरसिया के इस ऐतिहासिक उत्सव में केवल स्थानीय लोग ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों और दूर-दराज के जिलों से भी श्रद्धालु भारी संख्या में पहुँच रहे हैं। शक्ति स्वरूपा माँ के सजल और करुणामयी नेत्रों के दर्शन कर हर भक्त स्वयं को धन्य, भाव-विभोर और आत्मतृप्त महसूस कर रहा है। भक्ति, कला, संस्कृति और अद्भुत रचनात्मकता के इस महासंगम ने इस वर्ष खरसिया को एक सम्पूर्ण आध्यात्मिक केंद्र के रूप में स्थापित कर दिया है।

Share This Article