रायगढ़. जिले के छाल रेंज में मंगलवार सुबह खेत में एक बेबी एलिफेंट का शव मिलने से हडक़ंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना किया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हाथी बच्चे की मौत हाथियों के झुंड में कुचलने से हुई होगी।
उल्लेखनीय है कि धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज में विगत कई दिनों से एक हाथियों का दल अलग-अलग क्षेत्रों में विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। मंगलवार तडक़े कुछ ग्रामीणों ने अपने खेत की तरफ गए तो देखते कि खेत में एक बेबी एलिफेंट मृत हालत में पड़ा था, इससे उन्होंने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच करते हुए उसके शव का पोस्टमार्टम कराया है। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हाथियों के दल में कई बच्चे भी शामिल है। इससे आशंका जताई जा रही है कि हाथियों के झूंड में दबने से बेबी एलिफेंट की मौत हुई होगी। हालांकि अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही और सटीक कारण स्पष्ट हो सकेगा। अधिकारियों ने यह भी बताया कि छाल रेंज के कक्ष क्रमांक 115 में फिलहाल 40 हाथियों का झूंड भ्रमण कर रहा है, जिसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने तथा सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
दल से बिछड़ा था बेबी एलिफेंट
उल्लेखनीय है कि छाल रेंज में बीते 12 अक्टूबर को एक दो माह का एलिफेंट दल से बिछड़ गया था, जिसे वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बीती रात कक्ष क्रमांक 114 में बेबी एलिफेंट को मिलाया था, जिससे बेबी एलिफेंट दल के साथ जंगल की ओर चला गया था। इस दौरान मंगलवार को सुबह एक मादा बेबी एलिफेंट का कीचड़ भरे खेत में लाश मिली है। इससे उसकी मौत को लेकर संसय की स्थिति बन गई है। आशंका जताई जा रही है कि खेत के दलदली होने के कारण शावक उसमें फंस गया होगा और उसकी मौत हो गई है।
क्या कहते हैं अधिकारी
इस संबंध में छाल रेंज के रेंजर राजेश चौहान ने बताया कि फिलहाल कक्ष क्रमांक 115 में 40 हथियों का झूंड भ्रमण कर रहा है। कल रात को जिस बेब एलिफेंट को दल से मिलाया गया था वह दो माह का था, लेकिन आज जो लाश मिली है उस बेबी एलिफेंट का उम्र डाक्टरों के अनुसार तीन माह का बताया जा रहा है। इस कारण फिलहाल यह क्लियर नहीं हो पा रहा है कि जिस बेबी एलिफेंट को मिलाया गया था उसी की लाश है या कोई और, ऐसे में ड्रोन कैमरों की जांच चल रही है। पीएम रिपोर्ट और ड्रोन रिपोर्ट आने के बाद मिलान किया जाएगा, तभी मामले का खुलासा हो सकेगा।

