जशपुर। जिले में हाथी के हमले में 17 वर्षीय किशोर विनय केरकेट्टा की मौत होने की जानकारी सामने आई है। घटना तुमला थाना क्षेत्र के सागजोर गांव की बताई जा रही है। हालांकि, वन विभाग के अधिकारी फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं। परिजनों के मुताबिक, खेत में फसल खा रहे हाथी को खदेडऩे के लिए विनय ग्रामीणों के साथ गया था। बाद में वह अपने पालतू कुत्ते के साथ जंगल की ओर चला गया, जहां हाथी ने उस पर हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सागजोर गांव निवासी विनय केरकेट्टा खेत में घुसे हाथी को भगाने के लिए ग्रामीणों के साथ गया था। परिजनों ने बताया कि ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया और घर लौट आए। हालांकि, विनय खेत के पास ही रुक गया। इसके बाद वह अपने पालतू कुत्ते के साथ जंगल की ओर चला गया। जंगल में हाथी को देखकर कुत्ता भौंकने लगा। परिजनों के अनुसार, इससे हाथी आक्रामक हो गया और कुत्ते को दौड़ाने लगा। इसी दौरान विनय हाथी के सामने आ गया। आरोप है कि हाथी ने उसे सूंड से लपेटकर जमीन पर पटक दिया और कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की आधिकारिक पुष्टि और मौत के संबंध में विभागीय जानकारी का इंतजार है।
हाथी के हमले में किशोर की मौत. कुत्ते के भौंकने पर आक्रामक हुआ हाथी, सूंड से पटककर कुचला

