रायगढ़। रविवार से शक्ति की भक्ती की आराधना शुरू हो गई है। जिससे अंचल के देवी मंदिरों में सुबह से भी भक्त पहुंचने लगे थे जो देर शाम तक कतारबद्ध नजर आए। वहीं शाम को सभी मंदिरों में आस्था का दीप जलाया गया। उसके बाद बाजे-गाजे के साथ माता की आरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने शामिल होकर पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-पाठ किया।
उल्लेखनीय है कि रविवार से शारदीय नवरात्र प्रारंभ हो गया है, जिससे सुबह से ही शहर सहित अंचल में भक्ती का माहौल देखने को मिल रहा है। इस दौरान भक्तों ने पूरी श्रद्धा के साथ माता शैलपुत्री की पूजा-पाठ किया। इस दौरान मंदिर पहुंचे भक्तों का कहना था कि इस बार माता हाथी पर सवार होकर पहुंची है, जिसको गजकेशरी भी कहा जा रहा है, वहीं अलग-अलग मान्यताओं को लेकर लोग सुबह से ही देवी मंदिर पहुंचने लगे थे, जिससे पूरे दिन मंदिरों के भीड़-भाड़ का नजारा देखने को मिला। इस दौरान शहर के प्रसिद्ध बुढी माई मंदिर, सम्लेश्वरी मंदिर, राजापारा स्थित दुर्गा मंदिर, अनाथालय स्थित दुर्गा मंदिर, केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड स्थित दुर्गा मंदिर सहित अंचल के सभी देवी मंदिरों में भक्तों ने माता के जयकारे व पूरे जोश के साथ पूजा-पाठ किया। वहीं शाम को सभी मंदिरों में मनोकामना ज्योत भी जलाई गई। इस संबंध में पंडितों ने बताया कि साल में चार नवरात्र आता हैं, लेकिन दो गुप्त नवरात्र होता है, जिससे शारदीय नवरात्र व चैत्र नवरात्र के नौ दिनों में माता के नौ अलग-अलग रूपों की पूजा की जाती है, इसको लेकर लोगों में काफी उत्साह रहता है। इस दौरान शहर सहित अंचल के देवी मंदिरों में भक्तों के लिए विशेष तैयारी भी की गई है, ताकि भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
देवी मंदिरों में जले ज्योंति
नवरात्र के दिनों में भक्त अपनी मनोकामना पूरी करने के लिए अलग-अलग देवी मंदिरों में आस्था के दीप जलाए है। इस दौरान चंद्रपुर स्थित चंद्रहासिनी माता मंदिर में घी व तेल का करीब 11 हजार ज्योति तो नाथलदाई मंदिर में 1500 ज्योति प्रज्वलित हुई, इसके साथ ही शहर के सबसे बड़े बुढी माई मंदिर में इस बार करीब 2000 मनोकामना ज्योति जलाई गई है। साथ ही भगवानपुर स्थित पूज्य मां अघोर शक्ति पीठ मंदिर में घी का 57 और तेल का 115 दीप जलाया गया है।
नवरात्र के पहले दिन से माता के आगमन को लेकर लोग अपने घरों में भी माता का आसन लगाकर पूजा-पाठ शुरू कर दिया है। इनका मानना है कि नवरात्र के दिनों में विधि-विधान से पूजा-पाठ करने से माता का आर्शीवाद बना रहता है। इसी मनोकामना को लेकर अब अगले नौ दिनों तक शहर सहित अंचल में भक्ती का माहौल देखने को मिलेगा।
बूढ़ी माई मंदिर में प्रज्वलित हुए 2 हजार दीप
शारदीय नवरात्र के अवसर पर रायगढ़ शहर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही और पूजा-अर्चना का दौर जारी है। नवरात्र को लेकर मंदिरों में विशेष तैयारियां की गई हैं। शुभ मुहूर्त में घट स्थापना के साथ मां दुर्गा की आराधना शुरू हुई। बूढ़ी माई मंदिर में नवरात्र के पहले दिन 2 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। बूढ़ी माई मंदिर समिति के अध्यक्ष राजू पांडे ने बताया कि नवरात्र की तैयारियां करीब एक सप्ताह पहले से शुरू कर दी गई थीं। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। श्रद्धालुओं को दर्शन और पूजा-अर्चना के दौरान परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने बताया कि अभिजीत मुहूर्त में घट स्थापना की गई और मंदिर परिसर में 2 हजार दीप प्रज्वलित किए गए।

