नारायणपुर। भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय द्वितीय सोपान शिविर का आयोजन 5 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोधमा के प्रांगण में किया गया। शिविर का समापन 9 अक्टूबर को मुख्य अतिथि सरपंच सतपति साहनी, प्राचार्य शिबरीमेरी खाखा, पुष्पलता एक्का तथा अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में हुआ। शिविर में 172 स्काउट एवं गाइड के साथ 20 शिक्षकों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न गतिविधियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। कुनकुरी के सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती मारिया गोरिता तिर्की के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ जनपद अध्यक्ष कुनकुरी सुशीला साय, जनपद पंचायत सदस्य अभिनंदन एवं अन्य गणमान्य अतिथियों के आशीर्वचनों के साथ हुआ। शिविर के दौरान विकासखंड सचिव उत्तम कुमार यादव एवं स्काउट गाइड प्रभारी प्रियंका तिर्की के मार्गदर्शन में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
पांच दिवसीय शिविर में स्काउट एवं गाइड को ध्वज शिष्टाचार, टोली निर्माण, स्काउट नियम एवं प्रतिज्ञा, अनुशासन, विभिन्न प्रकार की गांठों के निर्माण, तंबू निर्माण तथा प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही सीपीआर की जानकारी, कैंसर के प्रति जागरूकता, नशामुक्ति अभियान और हाइक जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। प्रत्येक संध्या सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और आपसी सहयोग, नेतृत्व क्षमता तथा सामूहिक सहभागिता का परिचय दिया।
करियर काउंसलिंग और यातायात सुरक्षा की दी गई जानकारी
शिविर के बौद्धिक चर्चा सत्र में कुनकुरी के अनुविभागीय दंडाधिकारी विष्णु गुप्ता तथा डीएसपी ट्रैफिक चौहान एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। अधिकारियों ने करियर काउंसलिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित करने और सही दिशा में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। साथ ही यातायात सुरक्षा के नियमों, हेलमेट की अनिवार्यता तथा राहवीर योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और देश के जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की सलाह दी। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी जशपुर कल्पना टोप्पो, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी टुमनु गोसाई, जिला संगठन आयुक्त स्काउट हेमंत पैंकरा तथा जिला संगठन आयुक्त गाइड प्रीति सुधा किस्पोट्टा ने स्काउट एवं गाइड आंदोलन के उद्देश्यों, महत्व और विकास की संभावनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी के विकास में स्काउट-गाइड की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
शिविर के सफल संचालन में शिविर संचालक अरुण कुमार सिंह, परवेज राही एवं प्रफुल्ला मिंज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पांच दिनों तक चले इस शिविर में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान और जीवनोपयोगी कौशल प्राप्त किए। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा, सहयोग, नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। समापन समारोह में उपस्थित अतिथियों ने शिविर की गतिविधियों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग अपने जीवन और समाज के हित में करने के लिए प्रेरित किया।

