रायगढ़। शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ की पीएचडी प्रवेश परीक्षा 14 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय द्वारा 14 विषयों में पीएचडी में प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसके लिए दो परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, शासकीय टी.सी.एल. महाविद्यालय, जांजगीर और किरोड़ीमल कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रायगढ़ को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए दोनों केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
परीक्षा में विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित 14 विषयों में पीएचडी प्रवेश के इच्छुक पात्र अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के अनुसार आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान-पत्रों की जांच, बैठक व्यवस्था, गोपनीयता और अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे अपने प्रवेश-पत्र में दर्ज परीक्षा केंद्र, परीक्षा के समय और अन्य निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। कुलपति प्रो. विनय चौहान के मार्गदर्शन और कुलसचिव डॉ. तरुण धार दीवान के निर्देशन में परीक्षा को पारदर्शी, सुव्यवस्थित और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।
14 को पीएचडी प्रवेश परीक्षा, रायगढ़-जांजगीर में बनाए गए केंद्र

