रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड के अलोला शासकीय स्कूल में प्राइमरी के बच्चे पढ़ाई छोड़ क्लास रूम और कैंपस में झाड़ू लगाते दिखे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में डीईओ श्यामानंद साहू ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, धरमजयगढ़ ब्लाक के ग्राम अलोला स्थित आ.जा. कल्याण शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में 7 अक्टूबर की सुबह बच्चे स्कूल पहुंचे थे। इस दौरान करीब 9 बजे बच्चे स्कूल परिसर में झाड़ू लगाते नजर आए। किसी शख्स ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। अब यह वायरल हो रहा है। इसके बाद ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुखरुराम सिदार ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है, मामले में और जानकारी ली जाएगी। फिर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू ने बताया कि स्कूलों में स्वच्छता पखवाड़ा चल रहा है। इसके तहत स्कूल परिसर में सभी मिलकर साफ-सफाई कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस मामले में रिपोर्ट मंगवाई जाएगी। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ाई छोड़ स्कूल परिसर में झाडू लगाते बच्चों का वीडियो वायरल, डीईओ ने कहा जांच रिपोर्ट मंगाई जाएगी

