ट्रेलर के सामने आकर खड़ा हुआ हाथी, सडक़ पर हाथियों का दल पहुंचने से थमा ट्रैफिक, काफी देर बाद जंगल में लौटे

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। वन मंडल के तमनार रेंज के सामारुमा क्षेत्र में बुधवार को हाथियों के सडक़ पर आने से यातायात थम गया। सुबह करीब 40 हाथियों का दल सडक़ पर पहुंच गया था। शाम को भी हाथियों का दल जंगल से निकलकर सडक़ पार करने पहुंचा।
इसी दौरान एक हाथी सडक़ पर खड़े ट्रेलर के सामने आकर खड़ा हो गया। वह काफी देर तक ट्रेलर के पास रहा। इसके बाद हाथियों का दल जंगल की ओर लौट गया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हाथियों की आवाजाही के कारण सडक़ के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने हाथियों का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड किया। हाथियों के जंगल की ओर लौटने के बाद ही यातायात बहाल किया गया। बताया जा रहा है कि पहले हाथियों का दल करीब 49 का था। इनमें से 9 हाथी छाल रेंज की ओर चले गए हैं। बाकी हाथियों की तमनार क्षेत्र में आवाजाही बनी हुई है। लगातार हाथियों की आवाजाही को देखते हुए वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही।
वन अमले ने दोनों ओर रोका ट्रैफिक
हाथियों के सुरक्षित तरीके से सडक़ पार करने तक वन अमले ने दोनों ओर से आने वाले वाहनों को रोक दिया। हाथियों के जंगल की ओर लौटने के बाद यातायात बहाल किया गया। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है।

Share This Article