नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ एवं अश्लील हरकत करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Gupta Lochan
3 Min Read

जशपुरनगर। स्कूल जा रही 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा का पीछा कर छेड़छाड़ करने और जबरन कार में खींचने का प्रयास करने वाले फरार आरोपी निराकार यादव उर्फ रिंकू (19 वर्ष) को पत्थलगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी अनुसार 31 अगस्त 2026 को प्रार्थी द्वारा थाना पत्थलगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बालिका अपनी मौसी के घर रहकर कक्षा 12वीं में पढ़ाई करती है। दिनांक 30.08.2026 को वह अपने घर से मौसी के घर जाने के लिए बस से निकली थी। रास्ते में बस का इंतजार करने के दौरान दोपहर करीब 03:00 बजे आरोपी निराकार यादव उर्फ रिंकू यादव अपनी कार से वहां पहुंचा।
आरोपी ने नाबालिग को अश्लील इशारे किए तथा कार से उतरकर उसका हाथ जबरन पकड़ लिया और अपने साथ कार में चलने के लिए कहने लगा। आरोपी द्वारा नाबालिग से छेड़छाड़ किए जाने पर वह चिल्लाने लगी, जिसके बाद आरोपी उसका हाथ छोडक़र कार लेकर मौके से फरार हो गया। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी द्वारा पूर्व में भी नाबालिग का पीछा कर अश्लील हरकत एवं छेड़छाड़ की गई थी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में धारा 74, 351(2) बीएनएस एवं धारा 8 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की विवेचना के दौरान नाबालिग पीडि़ता का महिला पुलिस अधिकारी द्वारा कथन कराया गया। प्रार्थी एवं गवाहों के कथन दर्ज किए गए तथा आवश्यक विवेचनात्मक कार्रवाई की गई। घटना के बाद आरोपी निराकार यादव उर्फ रिंकू यादव लगातार फरार चल रहा था। पुलिस टीम द्वारा आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में दिनांक 07.10.2026 को आरोपी उसके गृह ग्राम से हिरासत में लेकर अभिरक्षा में लिया गया। आरोपी द्वारा घटना में प्रयुक्त कार को गवाहों के समक्ष प्रस्तुत किए जाने पर पुलिस द्वारा विधिवत जप्त कर लिया गया।
प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध प्रथम दृष्टया धारा 74, 351(2) बीएनएस एवं धारा 8 पॉक्सो एक्ट का अपराध घटित करना पाए जाने व पूछताछ पर अपराध स्वीकार करने तथा प्रयाप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है मामले की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में उप निरीक्षक विद्या राम यादव, प्रधान आरक्षक सुभाष नायक, चंद्र विजय साय तथा आरक्षक वीरेंद्र यादव, देव सिंह एवं राजेंद्र रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है, ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा, कठोर कानूनी कार्यवाही की जावेगी।

Share This Article