डिग्री गर्ल्स कॉलेज में छात्राओं का प्रदर्शन, बोली- वॉशरूम में पानी नहीं आता, लाइब्रेरी में सीटें कम

Gupta Lochan
3 Min Read

रायपुर। शासकीय डिग्री गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं ने गुरुवार को अपनी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान हृस्ढ्ढ के साथ मिलकर छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सैनेटरी पैड मशीन, आईडी कार्ड, खराब पंखे-लाइट की मरम्मत, वाटर कूलर, भवन रेनोवेशन, एनसीसी भवन और खेल मैदान समेत कई मांगें उठाईं। छात्राओं ने कहा कि, कॉलेज में कई जरूरी सुविधाएं लंबे समय से ठीक नहीं हैं। वॉशरूम की सफाई और पानी की व्यवस्था भी खराब है। लाइब्रेरी में सीटों की संख्या बेहद कम है। इससे छात्राओं को पढ़ाई के लिए जगह नहीं मिलती।
बी.एससी फर्स्ट सेमेस्टर की छात्रा खुशबू नायक ने बताया कि, कॉलेज के वॉशरूम साफ नहीं हैं। वहां पानी भी ठीक से नहीं आता। उनका कहना है कि 6-7 घंटे कॉलेज में रहने के दौरान वॉशरूम की खराब व्यवस्था के कारण काफी परेशानी होती है। छात्राओं के लिए लगी पैड मशीन भी इस्तेमाल करने की स्थिति में नहीं है।
बी.एससी फर्स्ट की छात्रा निधि साहू ने बताया कि, कॉलेज में करीब 4 हजार स्टूडेंट्स हैं, जबकि लाइब्रेरी में कम सीटे हैं। पढऩे के लिए छात्राओं को पर्याप्त जगह नहीं मिलती। उन्होंने लाइब्रेरी में नई और अपडेटेड किताबें उपलब्ध कराने की भी मांग की। छात्राओं ने बताया कि, कई जगह पंखे और लाइट ठीक से काम नहीं करते। गर्मी के बीच पंखों के धीमे चलने से क्लास में बैठकर पढऩा मुश्किल होता है। वॉटर कूलर की सफाई को लेकर भी छात्राओं ने सवाल उठाए। उनका कहना है कि गंदा पानी पीने से स्वास्थ्य खराब होने का डर रहता है।
एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष वैभव मुजेवार ने कहा कि, गर्ल्स कॉलेजों में छात्राओं की समस्याएं सामने आ रही हैं, लेकिन उनकी बातों को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है। करीब 4 हजार छात्राओं वाले कॉलेज में सिर्फ दो वॉशरूम हैं। इनमें एक में दरवाजा नहीं है, जबकि दूसरे में पानी की समस्या है। पैड मशीन भी पिछले 6-7 महीने से खराब पड़ी है। उन्होंने कहा कि क्लासरूम में पंखे और लाइट तक ठीक नहीं हैं। राजधानी के सरकारी कॉलेज में ऐसी स्थिति है तो प्रदेश के दूसरे कॉलेजों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। रायपुर जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने स्कूल बचाओ अभियान की शुरुआत की है। उसी तर्ज पर हृस्ढ्ढ भी जल्द ‘कॉलेज बचाओ अभियान’ शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि अगर 15 दिन के भीतर छात्राओं की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो एनएसयूआई बिना किसी पूर्व सूचना के कॉलेज पहुंचेगा और प्रिंसिपल कार्यालय के सामने धरना देगा।

Share This Article