खरसिया। कैलाश शर्मा। वनमंडल रायगढ़ के अंतर्गत वन परिक्षेत्र खरसिया द्वारा पर्यावरण को प्लास्टिक प्रदूषण से बचाने और वन्यजीव संरक्षण सप्ताह (2 से 8 अक्टूबर) के तहत विविध जनजागरूकता अभियानों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों के माध्यम से वन क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा भावी पीढ़ी में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने पर बल दिया गया।
अटल रॉक गार्डन बोतल्दा में स्वच्छता महाअभियान
पर्यटन स्थलों और जंगलों को प्लास्टिक कचरे से मुक्त रखने के उद्देश्य से रेंजर लीला पटेल के नेतृत्व में अटल रॉक गार्डन बोतल्दा में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसमें वन विभाग की टीम के साथ ग्राम पंचायत ग्राम के सरपंच, बोतलदा व उल्दा वन समितियों के अध्यक्षों और स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। अभियान के दौरान परिसर से पॉलीथिन, बोतलें व कचरा एकत्रित कर लोगों को संदेश दिया गया कि पर्यटक अपने साथ लाया कचरा वापस ले जाएँ या निर्धारित स्थान पर ही डालें। वनों का प्राकृतिक संतुलन बनाए रखना पूरे समाज की साझी जिम्मेदारी है।
कुनकुनी के विद्यालय में प्रतियोगिताओं का आयोजन
इसी कड़ी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुनकुनी में विद्यार्थियों के लिए निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने अपनी कला और विचारों के माध्यम से जैव विविधता, जंगलों की सुरक्षा और वन्यजीवों के महत्व को जीवंत रूप में रेखांकित किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को वन परिक्षेत्र अधिकारी खरसिया श्रीमती लीला पटेल द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि जंगल केवल पेड़-पौधों का समूह नहीं, बल्कि वन्यजीवों का प्राकृतिक घर है; बचपन से ही इसके प्रति संवेदनशील बनना एक सुरक्षित भविष्य की नींव है।

