इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर का अपहरण

आंखों पर पट्टी बांधकर बनाया बंधक, चाकू दिखाकर यूपीआई से 1 लाख कराए ट्रांसफर, एक आरोपी गिरफ्तार

Gupta Lochan
4 Min Read

रायगढ़। जिले में डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर का अपहरण कर चाकू की नोक पर करीब 1 लाख रुपए यूपीआई से ट्रांसफर कर लिया गया। 4 आरोपियों ने प्रोफेसर को इवनिंग वॉक के दौरान पकड़ा, आंखों पर पट्टी बांधी और मारपीट कर पासवर्ड हासिल किए। इसके बाद उन्हें पंडरीपानी इलाके में एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। घटना पुसौर थाना क्षेत्र की है।
दरअसल, ग्राम जकेला निवासी डॉ. कपूरचंद गुप्ता (47) डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर हैं। सोमवार शाम करीब 6 से 7 बजे वे गांव के डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान लगने पर वे सडक़ किनारे डबरी के पास माइलस्टोन पर बैठ गए। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे और उन्हें पकडक़र डबरी की ओर ले गए। आरोपियों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी। पेट और गर्दन पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बाइक से उन्हें भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी ले जाया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने प्रोफेसर से मारपीट कर उनके मोबाइल का पासवर्ड, गुगुल पे और भीम एप के पासवर्ड हासिल किए। इसके बाद आरोपियों ने एक महिला से मोबाइल पर संपर्क कर उसका क्यूआर कोड मंगवाया। आरोपियों ने प्रोफेसर के खाते से लगातार रकम ट्रांसफर कराई। खाते की करीब 1 लाख रुपए की ट्रांजैक्शन लिमिट खत्म होने तक पैसे ट्रांसफर किए गए। रकम ट्रांसफर कराने के बाद आरोपियों ने प्रोफेसर को धमकाकर उनके घर फोन करवाया। उनसे परिवार को यह बताने के लिए कहा गया कि वे ठीक हैं, जिससे परिजनों को अपहरण की जानकारी न हो। इसके बाद आरोपियों ने दोबारा उनकी आंखों पर पट्टी बांधी और पंडरीपानी में एक कमरे में बंधक बनाकर रखा।

लोकेशन तलाशकर पहुंचे परिजन

प्रोफेसर के परिजनों को घटना पर संदेह हुआ। उन्होंने अपने स्तर पर उनकी लोकेशन पता की और पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों के आने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रोफेसर को कमरे से सुरक्षित बाहर निकालकर थाने लाई। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। रातभर चली कार्रवाई के बाद 24 घंटे के भीतर ग्राम जकेला निवासी सुनील सारथी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बाकी साथियों के साथ मिलकर प्रोफेसर के अपहरण और यूपीआई के जरिए रकम ट्रांसफर कराने की योजना में शामिल होना स्वीकार किया है।

महिला के खाते में गई रकम सुरक्षित कराई

इस मामले में जिस महिला के खाते में रकम ट्रांसफर कराई गई थी, पुलिस ने उससे संपर्क कर पूरी रकम को सुरक्षित कराया है। पुलिस ने बाकी आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पीडि़त की शिकायत पर पुसौर थाने में बीएनएस की धारा 140(3), 309(6), 142 और 351(3) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

सभी आरोपियों पर होगी कार्रवाई-एसएसपी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि, अपहरण जैसी गंभीर घटना में पुलिस की पहली प्राथमिकता पीडि़त की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होती है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर प्रोफेसर को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article