तय दायरे से बाहर वाहन खड़ा किया तो कटेगा चालान, त्योहार में सडक़ पर जाम रोकने 5 फीट की मार्किंग

Gupta Lochan
3 Min Read

रायपुर। त्योहार के दौरान प्रमुख बाजारों और सडक़ों पर अस्थायी दुकानें नहीं लगेंगी। सडक़ पर दुकान लगाने पर सामान जब्त कर जुर्माना वसूला जाएगा। नगर निगम और पुलिस ने अस्थायी बाजारों को शिफ्ट करने के लिए अलग-अलग इलाकों में खाली जगहों का सर्वे शुरू कर दिया है। नवरात्र से ही कार्रवाई शुरू होगी। पुलिस ने व्यापारियों से भी चर्चा शुरू कर दी है। बाजारों में दुकानों के सामने सडक़ पर 5 फीट की दूरी पर मार्किंग की जाएगी। इसके बाहर वाहन खड़ा करने पर नो-पार्किंग का जुर्माना लगेगा। समझाइश के बाद भी नियम नहीं मानने पर वाहन क्रेन से उठाए जाएंगे। सडक़ पर खड़ी कार या बड़ी गाड़ी के शीशे पर ई-चालान की कॉपी चस्पा की जाएगी। दिवाली से तीन-चार दिन पहले शहर के प्रमुख बाजारों और सडक़ों पर 4 हजार से ज्यादा अस्थायी दुकानें लगती हैं। आसपास के गांवों और शहरों से भी लोग दुकान लगाने आते हैं। इनके सामने खरीदारों के वाहन खड़े होने से सडक़ संकरी हो जाती है और जाम लगता है। इस बार अस्थायी बाजारों के लिए आसपास ही वैकल्पिक जगह तय की जा रही है, ताकि दुकानदारों और खरीदारों को दूर न जाना पड़े और मुख्य सडक़ों पर यातायात बाधित न हो।
जयपुर में त्योहार से पहले बाजारों को अतिक्रमणमुक्त करने की कार्रवाई शुरू हो गई है। वहां 8 अक्टूबर तक बाजारों से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। मार्किंग के दायरे में आ रहे निर्माण को व्यापारी खुद तोडक़र जगह खाली कर रहे हैं। कई व्यापारी दुकानों और भवनों के हिस्से हटाकर निगम को सुपुर्द कर रहे हैं, ताकि कार्रवाई में ज्यादा नुकसान न हो। व्यापारियों का कहना है कि नवरात्रि और दीपावली से ठीक पहले कार्रवाई से कारोबार प्रभावित हो रहा है। जिन दिनों ग्राहकी और बिक्री बढऩी चाहिए, उस समय दुकानें तोडऩी और सामान हटाना पड़ रहा है। इसके उलट रायपुर में पिछले 10 साल से सडक़ किनारे कारोबार रोकने के दावे किए जा रहे हैं। हर साल पुलिस और निगम सडक़ पर दुकानें नहीं लगने देने की बात कहते हैं, लेकिन राजनीतिक दबाव में दुकानें सज जाती हैं। इसके बाद त्योहार तक लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। इस बार भी सडक़ किनारे अस्थायी दुकानें रोकने का दावा किया गया है।

Share This Article