आधे घंटे की आंधी से तीन जिलों की बत्ती गुल

220 केवी सबस्टेशन में पावर ग्रिड से सप्लाई बंद होने से देर रात तक लेाग रहे परेशान

Gupta Lochan
4 Min Read

रायगढ़। अचानक बदले मौसम के मिजाज ने रायगढ़ सहित सारंगढ़ व सक्ती जिले की बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज आंधी और बारिश के कारण विद्युत विभाग के 220 केवी सबस्टेशन में पावर ग्रिड से बिजली आपूर्ति ठप हो गई, इससे बारिश बंद होने के बाद लोग गर्मी व उसम से बेहाल नजर आए।
उल्लेखनीय है कि जिले में विगत सप्ताहभर से मौसम साफ हो गया था, जिससे सुबह से ही तेज धूप के कारण लोग पूरे दिन गर्मी से बेहाल नजर आ रहे थे, ऐसे में मंगलवार को एक ही दिन में मौसम को दो रंग देखने को मिला। इससे सुबह से तेज धूप व गर्मी के बीच शाम करीब 4.30 बजे अचानक मौसम में बदलाव हुआ और धूल भरी आंधी के साथ लाईटिंग व बारिश शुरू हो गई, जिससे आधे घंटे की आंधी-बारिश के बाद ही तीनों जिलों में घंटों तक बिजली गुल रही, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, लाईटिंग और तेज हवाओं के चलते 220 केवी पावर ग्रिड सप्लाई में तकनीकी खराबी आ गई थी। इस खराबी के कारण मुख्य सबस्टेशन से होने वाली बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे रायगढ़ के साथ-साथ पड़ोसी जिलों सारंगढ़ और सक्ती में भी बिजली गुल हो गई। वहीं अधिकारियों का कहना था कि पावर ग्रिड से सप्लाई बंद होने के बाद करीब घंटाभर तक अपने स्तर पर जांच किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। जिसकी सूचना पावर ग्रिड को दी गई। वहीं बताया जा रहा है कि इसके लिए अब नागपुर से पावर कट होने के बाद पावर ग्रिड में सुधार होगा, उसके बाद ही जिले के 220 केवी सब-स्टेशन में सप्लाई आने पर विद्युत व्यवस्था बहाल हो सकेगी।
पावर ग्रिड में खराबी आने के बाद रायगढ़ के साथ-साथ सारंगढ़ और सक्ती जिला के उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं मेंटेनेंस को लेकर अधिकारियों का कहना था कि जब तक पावर ग्रिड से सप्लाई बहाल नहीं होगी, तब तक सुधार होना संभव नहीं है। इससे तीनों जिले में शाम करीब 4.30 बजे से देर शाम तक लाइट बंद रही। इससे आम उपभोकताओं के साथ दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं सबसे ज्यादा समस्या पेट्रोल पंपों पर देखने को मिला। जहां शाम को पेट्रोल डलाने के लिए वाहनों की कतार लगी रही।

जिले में यलो अलर्ट

उल्लेखनीय है कि अब प्रदेश से मौसम की विदाई होने वाली है, जिसके चलते विगत सप्ताहभर से मौमस पूरी तरह से साफ हो गई थी, इससे दिन के समय गर्मी व उसम तो देर रात तक मौसम में शीतलता आ गई थी। वहीं मंगलवार को अचानक मौसम में बदलाव हुआ और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। साथ ही मौसम विभाग ने पूर्व अनुमान को लेकर रायगढ सहित आसपास जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

Share This Article