आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से ओपीटी मांगा, नौकरी से निकालने की धमकी

साइबर ठगी की कोशिश, अधिकारी बनकर किया कॉल, थाने में शिकायत

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को फोन कर ओटीपी मांगने का मामला सामने आया है। कॉल करने वाले ने खुद को कभी महिला एवं बाल विकास विभाग तो कभी जिला निर्वाचन कार्यालय से जुड़ा अधिकारी बताया। ओटीपी देने से इनकार करने पर कार्यकर्ताओं को नौकरी से निकालने की धमकी दी गई। मामले में 3 से 4 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने साइबर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी है।
सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मोबाइल पर 6207893617 नंबर से लगातार कॉल आए। कॉल करने वाले ने विभागीय अधिकारी होने का दावा करते हुए मोबाइल पर आया ओटीपी बताने को कहा। संदेह होने पर कार्यकर्ताओं ने ओटीपी देने से मना कर दिया। इसके बाद उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी देकर दबाव बनाने की कोशिश की गई।

साइबर फ्रॉड की आशंका, पुलिस से शिकायत

कार्यकर्ताओं ने इसकी जानकारी आंगनबाड़ी संघ की अध्यक्ष को दी। इसके बाद महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय से संपर्क कर मामले की पुष्टि की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि उसकी ओर से ऐसा कोई कॉल नहीं किया गया है। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने साइबर फ्रॉड की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की।

ओटीपी लेकर खाते से रकम निकालने की आशंका

शिकायत में कार्यकर्ताओं ने बताया कि कॉल करने वाला धमकी देकर ओटीपी मांग रहा था। उन्हें आशंका है कि ओटीपी हासिल कर बैंक खाते से रकम निकालने या ठगी करने का प्रयास किया जा सकता था। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से नंबर धारक की पहचान कर कार्रवाई करने और अन्य लोगों को इस तरह की ठगी से बचाने की मांग की है।

संघ अध्यक्ष बोलीं- नौकरी जाने का डर दिखाया

आंगनबाड़ी संघ की अध्यक्ष अनिता नायक ने बताया कि 3 से 4 कार्यकर्ताओं के पास इस तरह के कॉल आए थे। विभाग का नाम लेकर नौकरी जाने का डर दिखाया जा रहा था। मामले की लिखित शिकायत साइबर थाने में की गई है और कार्रवाई की मांग की गई है।

Share This Article