रायगढ़। खरसिया तहसील के कोटवारों ने दो महीने से मानदेय नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। कोटवारों ने कलेक्टर के नाम आवेदन देकर लंबित मानदेय जल्द दिलाने और निर्धारित जिम्मेदारियों के अलावा कराए जा रहे कामों पर रोक लगाने की मांग की है।
कोटवारों का कहना है कि, वे शासन के शिविरों और दूसरे जरूरी कामों में ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी से करते हैं। इसके बावजूद उनसे अतिरिक्त काम कराया जा रहा है। आरोप है कि महीने में दो बार तहसील कार्यालय में हाजिरी के लिए बुलाया जाता है, जबकि अन्य तहसीलों में ऐसी व्यवस्था नहीं है। कोटवारों ने आरोप लगाया कि तहसील परिसर के अंदर-बाहर साफ-सफाई, पेड़-पौधों से जुड़े काम और अन्य जिम्मेदारियां भी उनसे कराई जा रही हैं। यहां तक कि झाड़ू लगाने का काम भी कराने की बात कही गई है। कोटवारों का कहना है कि शासन के निर्देशों के मुताबिक उनसे निर्धारित कर्तव्यों के अलावा अनावश्यक काम नहीं कराया जाना चाहिए। दो माह से मानदेय नहीं मिलने से आर्थिक परेशानी भी बढ़ रही है। उन्होंने कलेक्टर से लंबित मानदेय जारी कराने और अतिरिक्त ड्यूटी पर रोक लगाने की मांग की है।
कोटवारों को 2 महीने से नहीं मिला मानदेय
अनावश्यक ड्यूटी लगाकर परेशान करने और सफाई वर्क कराने का आरोप, कलेक्टर से शिकायत

