रायगढ़। जिले में लगातार हो रही बाइक चोरी के बीच घरघोड़ा पुलिस ने 3 चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की स्कूटी पर सवार होकर दोबारा वाहन चोरी करने के लिए रेकी कर रहे थे। गिरोह में 2 सगे भाई और उनका चचेरा भाई शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 4 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब 3 लाख रुपए है।
मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, घरघोड़ा निवासी सुनील शर्मा (46) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 सितंबर की दोपहर उसके घर के सामने खड़ी टीव्हीएस जुपिटर स्कूटी चोरी हो गई है। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान घरघोड़ा में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने चोरी हुई टीव्हीएस जुपिटर स्कूटी पर सवार तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मिलन दास महंत (30), निवासी ग्राम पुसल्दा, थाना छाल, उसके छोटे भाई हरिशंकर महंत (24) और उनके चचेरे भाई कन्हैया दास महंत (37), निवासी वार्ड क्रमांक 13, महंत मोहल्ला डभरा, जिला सक्ती के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल के कल-पुर्जों और वाहनों की जानकारी होने के कारण तीनों ने मिलकर वाहन चोरी कर उन्हें बेचने की योजना बनाई थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मई 2026 में बरभौना चौक, छाल के पास से एक एनएक्सजी मोटरसाइकिल चोरी की थी। करीब तीन महीने पहले घरघोड़ा के नवापारा चौक से चाबी लगी हालत में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल भी चोरी की थी। इसके अलावा करीब दो महीने पहले बोजिया, छाल स्थित मस्जिद के पास से हीरो स्प्लेंडर प्लस और एनएक्सजी मोटरसाइकिल चोरी की थी।
चोरी की स्कूटी से बाइक चोरी करने वाले 3 गिरफ्तार
दो सगे भाई और चचेरा भाई शामिल, 4 चोरी के दोपहिया वाहन जब्त

