रायगढ़। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत लैलूंगा पुलिस ने हत्या के मामले में करीब 15 साल से फरार महिला वारंटी को गिरफ्तार किया है। उम्रकैद की सजा मिलने के बाद महिला पहचान छिपाकर रायगढ़ में रह रही थी। पुलिस ने फोटो और पुराने रिकॉर्ड के मिलान से उसकी पहचान की और जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, लैलूंगा थाना क्षेत्र के मेढरमार निवासी रामबाई चौहान (40) को रायगढ़ सत्र न्यायालय के प्रकरण क्रमांक 194/1996 में हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। मामले में मृतक पार्रू सिदार की मौत गला घोंटने से हुई थी। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर निचली अदालत की दोषसिद्धि को हाईकोर्ट ने भी बरकरार रखा। अपील खारिज करते हुए हाईकोर्ट ने रामबाई को शेष सजा भुगतने के लिए आत्मसमर्पण करने और हिरासत में लेने का निर्देश दिया था। इसके बाद रामबाई का नाम लंबे समय से फरार वारंटियों की सूची में शामिल किया गया। लैलूंगा पुलिस ने पुराने रिकॉर्ड, फोटो और अन्य जानकारी के आधार पर उसकी तलाश शुरू की। जांच में उसके जूटमिल क्षेत्र में रहने की जानकारी सामने आई। जूटमिल पुलिस की मदद से वोटर लिस्ट और स्थानीय जानकारी खंगाली गई। इसी दौरान एक ऐसी महिला की पहचान हुई, जिसकी वर्तमान जानकारी रिकॉर्ड से मेल नहीं खा रही थी, लेकिन फोटो मिलान में वह रामबाई से मिलती-जुलती मिली। पुलिस महिला को थाने लेकर आई और पूछताछ की। शुरुआत में उसने अपनी पहचान रामबाई चौहान के रूप में स्वीकार नहीं की। पुलिस ने पुराने रिकॉर्ड और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपनी पहचान स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसे गिरफ्तारी वारंट के पालन में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से जेल वारंट जारी होने के बाद महिला को जेल भेज दिया गया।
उम्रकैद की सजा के बाद 15 साल से पहचान छुपाकर रह रही थी महिला, पुलिस ने भेजा जेल

