रायगढ़. शहर के बाईरदादर शालिनी स्कूल रोड स्थित गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर के पास एक युवक ऑन लाइन क्रिकेट सट्टा खेला रहा था, जिसकी सुचना पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को चक्रधरनगर पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि बोईरदादर शालिनी स्कूल रोड स्थित गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर के पास से एक युवक को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेला रहा है। जिससे पुलिस टीम मौके पर पहुंची जहां घेराबंदी करते हुए आरोपी पंकज जय सिंह (पिता गोविंद राम जय सिंह, निवासी सिंधी कॉलोनी पक्की खोली को पकड़ा जो मोबाइल के माध्यम से हार-जीत का दांव लगवा रहा था। वहीं पुलिस जांच में सामने आया कि पंकज मोबाइल फोन से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह करीब एक वर्ष से इस कारोबार से जुड़ा है और पूर्व में भी सीएसपी मयंक मिश्रा द्वारा उसके विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। साथ ही आरोपी सट्टे की रकम यूपीआई के जरिए प्राप्त कर मुख्य खाईवाल को ऑनलाइन भेजता था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया, जिसकी गूगल क्रोम हिस्ट्री में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा साइट की लिंक संचालित होने के साक्ष्य मिले हैं। इस मामले में पंकज के विरुद्ध धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे रिमांड पर भेजा जा रहा है।
मुख्य खाईवाल की तलाश जारी
पुलिस को मुख्य खाईवाल के संबंध में जानकारी मिली है, जिससे अब उसके खिलाफ जांच अभियान तेज किया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि सट्टा पर अंकुश लगाने के लिए सट्टा खिलाने और खेलने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही पूर्व में सट्टे के मामलों में पकड़े गए आरोपियों के क्राइम रिकॉर्ड, उनकी गतिविधियों और डिजिटल फुटप्रिंट का भी बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचकर इस अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके।
क्या कहते हैं एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ-सट्टा एवं ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के अवैध कारोबार पर पुलिस की निगरानी लगातार जारी है। सट्टे के कारोबार से जुड़े पुराने आरोपियों तथा उनके डिजिटल फुटप्रिंट पर भी नजर रखी जा रही है। अवैध सट्टा संचालन में संलिप्त पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

