खरसिया। कैलाश शर्मा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ हुए हुए उनके जनसेवा के शानदार 25 वर्ष पूर्ण करने पर आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिन बहनों के अतुलनीय योगदान को रेखांकित करने के लिए ‘आंगन मिलन सेवा पोषण’ संवाद (25 सितंबर से 7 अक्टूबर) का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा खरसिया के वार्ड क्रमांक-15 स्थित साईं मंदिर के नवनिर्मित शेड में ‘आंगन मिलन उत्सव’ का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, उपाध्यक्ष अवध नारायण (बंटी सोनी), पार्षद साहिल शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष सतीश अग्रवाल, पूर्व पार्षद डॉ. श्रवण श्रीवानी, आनंद अग्रवाल, कैलाश शर्मा, राहुल अग्रवाल, दिलीप शर्मा और हर्ष अग्रवाल सहित विभाग की सुपरवाइजर पुनीता दर्शन, कार्यकर्ता खुशी विश्वकर्मा, वार्ड की माताएं-बहनें एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समाज के सशक्त भविष्य की मजबूत नींव आंगनबाड़ी – कमल गर्ग
मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने अपने संबोधन में कहा, आज आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिन बहनों और जनकल्याणकारी योजनाओं की हितग्राही माताओं-बहनों का सम्मान करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की सेवा, समर्पण एवं संवेदनशीलता ही समाज के स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त भविष्य की मजबूत नींव है। उनके इस अमूल्य योगदान को हम सादर नमन करते हैं।
कार्यक्रम में नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन, गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी निभाई गई साथ ही ?जनहितकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी उत्सव के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सुपरवाइजर एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं पर प्रकाश डाला। इस दौरान महतारी वंदन योजना, मातृ वंदना योजना एवं नौनी योजना के फायदों से अवगत कराया गया। गर्भवती व शिशुवती महिलाओं के लिए संचालित पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई। सुकन्या समृद्धि योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को आवेदन प्रक्रिया और लाभ प्राप्त करने के तरीके सहज भाषा में समझाए गए। कार्यक्रम का समापन वार्ड की माताओं, बहनों और जमीनी स्तर पर सेवा दे रहीं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।

