रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में मोबाइल टावर से बैटरी चोरी की वारदात को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई एक्साइड कंपनी की 6 बैटरियां बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजनीकांत सिदार (31), निवासी बासनपाली, थाना तमनार के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को प्रार्थी चन्द्रसेन कुर्रे ने तमनार थाने में मोबाइल टावर से बैटरियां चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, इंदिरानगर पेट्रोल पंप के सामने स्थित थर्मल पावर प्लांट तमनार के मोबाइल टावर का 30 सितंबर की सुबह निरीक्षण किया गया था। इस दौरान टावर के सेल्टर का ताला टूटा हुआ मिला।
तलाशी लेने पर सेल्टर के अंदर रखी 6 नग एक्साइड कंपनी की बैटरियां गायब मिलीं। इनकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई। शिकायत के आधार पर तमनार थाने में अपराध क्रमांक 250/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया था।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान संदेही रजनीकांत सिदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हेमंत राठिया के साथ मिलकर मोबाइल टावर के कमरे का ताला लोहे की रॉड से तोडक़र बैटरियां चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर चोरी की गई बैटरियों की तलाश की गई। इस दौरान इंदिरानगर भ_ी के सामने अमरैया के झुरमुट में छिपाकर रखी गई 6 नग एक्साइड बैटरियां बरामद की गईं। पुलिस ने बरामद बैटरियों को विधिवत जब्त किया है। बरामद बैटरियों की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
जांच के दौरान मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) का अपराध भी घटित होना पाए जाने पर इसे प्रकरण में जोड़ा गया है। पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल बताए जा रहे सह आरोपी हेमंत राठिया की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है। उसकी तलाश जारी है। तमनार पुलिस ने बताया कि मामले में तकनीकी और अन्य पहलुओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस द्वारा चोरी की वारदात में शामिल अन्य व्यक्ति की तलाश के साथ-साथ घटना से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में टीम ने घटना के बाद तेजी से जांच करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई। पुलिस के अनुसार, रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी की गई 6 बैटरियों की बरामदगी की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार बताए जा रहे सह आरोपी की तलाश जारी है।

