रायगढ। जिले में पंडो जनजाति की जमीन फर्जी तरीके से गैर-आदिवासी के नाम कराने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी सुखन राठिया (50) को कोरबा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने तत्कालीन पटवारी राकेश कुमार साय और अन्य लोगों के साथ मिलकर जमीन की रजिस्ट्री कराने में भूमिका निभाई थी। इसके बदले उसे 10 हजार रुपए मिले थे। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामला कापू थाना क्षेत्र का है। पंडो जनजाति की जमीन को फर्जी दस्तावेजों के जरिए गैर-आदिवासी के नाम कराने, ग्राम पंचायत रायमेर की सरकारी जमीन के फर्जी दस्तावेज और पट्टे तैयार कर रजिस्ट्री कराने की जांच चल रही है। इस मामले में तत्कालीन पटवारी राकेश कुमार साय और रजिस्ट्री के गवाह अगस्तुस खलखो को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के मुताबिक, बकालो निवासी सुखन राठिया गिरफ्तारी से बचने के लिए तमिलनाडु भाग गया था। बाद में वह कोरबा में ठिकाना बनाकर रहने लगा। सूचना मिलने पर कापू पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर रायगढ़ पहुंचाया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि तत्कालीन पटवारी राकेश साय और अन्य आरोपियों ने उसका नाम सुखन पिता बजरंग रावत दर्ज कर जमीन की रजिस्ट्री कराई थी। इसके बदले उसे 10 हजार रुपए दिए गए थे। बाद में जमीन रायपुर निवासी संतोष देवी गुप्ता के नाम बेच दी गई।
राजस्व रिकॉर्ड में भी मिली गड़बड़ी
पुलिस के मुताबिक, डुमरनारा की खसरा नंबर 409 की जमीन पहले पंडो जनजाति के लोगों के नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज थी। साल 2023-24 के रिकॉर्ड की जांच में बिना सक्षम अधिकारी के आदेश के जमीन सुखन पिता बजरंग, जाति रावत के नाम दर्ज होना सामने आया। इसके बाद 21 फरवरी 2024 को पंजीकृत विक्रय पत्र के जरिए जमीन संतोष देवी गुप्ता के नाम कर दी गई। जांच में सामने आया कि विक्रेता के रूप में पेश किए गए व्यक्ति का वास्तविक नाम सुखन राठिया पिता धनाराम, जाति कंवर है। दस्तावेजों की जांच में फर्जी आधार कार्ड के इस्तेमाल की बात भी सामने आई।
तहसीलदार की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ था केस
जांच में तत्कालीन हल्का पटवारी राकेश कुमार साय की ओर से जमीन की बिक्री के लिए चौहद्दी दिए जाने की भूमिका भी सामने आई थी। तहसीलदार की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

