जनरल स्टोर में चोरी करने वाले नाबालिग सहित तीन गिरफ्तार

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। जिले में जनरल स्टोर का शटर तोडक़र चोरी करने वाले 2 नाबालिग समेत 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दुकान से नकदी और राजश्री गुटखा के करीब 200 पैकेट समेत 25 हजार रुपए से अधिक का सामान चोरी किया था। चोरी के बाद सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया था। अगले दिन आरोपी गुटखा कम कीमत में बेचने की कोशिश कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
सिंधी कॉलोनी, कच्ची खोली निवासी हरिचंद अम्बुवानी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कालीबाड़ी सिविल लाइन स्थित दीपक जनरल स्टोर को 26 सितंबर की रात करीब 10 बजे बंद कर घर चले गए थे। अगली सुबह दुकान पहुंचे तो शटर क्षतिग्रस्त मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था। गल्ले में रखी नकदी और राजश्री गुटखा के करीब 200 पैकेट समेत 25 हजार रुपए से अधिक का सामान गायब था। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।

कम कीमत में गुटखा बेचने की कोशिश

पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि जेलपारा जूटमिल निवासी विवेकानंद चौहान (24) अपने साथियों के साथ चोरी किया गया राजश्री गुटखा दुकानदारों को कम कीमत में बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने विवेकानंद और एक नाबालिग को पकडक़र पूछताछ की।

लोहे की रॉड से शटर उठाकर घुसे

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात लोहे की रॉड से दुकान का शटर ऊपर उठाकर अंदर घुसे थे। इसके बाद सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया और दुकान से नकदी व राजश्री गुटखा चोरी कर लिया। आरोपियों के मुताबिक, चोरी की रकम आपस में बांट ली थी, जबकि गुटखा रेलवे ट्रैक के पास छिपा दिया था।

दो बोरियों में मिला चोरी का गुटखा

पुलिस के मुताबिक, अगले दिन आरोपियों ने अपने एक अन्य नाबालिग साथी को गुटखा बेचने के लिए एक बोरी दी थी। इसके बाद पुलिस ने दूसरे नाबालिग को भी हिरासत में लिया। आरोपियों की निशानदेही पर दो बोरियों में रखा राजश्री गुटखा और चोरी की नकदी बरामद की गई। पुलिस ने तीनों को सक्षम न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।

Share This Article