धरमजयगढ़। छत्तीसगढ़ शासन के कद्दावर कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम गुरुवार को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ प्रवास पर आ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मंत्री के आगमन को लेकर संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
गुरुवार को धरमजयगढ़ के ऐतिहासिक दशहरा मैदान में एक विशाल ‘लाभार्थी सम्मेलन’ का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राही शामिल होंगे। कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में इस सम्मेलन को संबोधित करेंगे और सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेंगे।
‘सेवा संकल्प यात्रा’ का होगा ऐतिहासिक स्वागत
लाभार्थी सम्मेलन के साथ-साथ, मंत्री राम विचार नेताम क्षेत्र में चल रही ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के भव्य स्वागत कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। बीजेपी कार्यकर्ताओं और युवा मोर्चा के पदाधिकारियों में इस दौरे को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।
तैयारियों का दौर जारी
इस कार्यक्रम की सफलता के लिए दशहरा मैदान में टेंट, स्टेज और बैठक व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। स्थानीय बीजेपी नेताओं का कहना है कि यह आयोजन क्षेत्र के विकास और संगठन की मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। कार्यक्रम में धरमजयगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी भारी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।

