रायगढ़। जिले के पुसौर ब्लॉक में महानदी का पानी तट के किनारे बसे गांवों में घुस गया था। पानी बढऩे के बाद ग्रामीणों को घरों से निकालकर पास के गांव में बनाए गए राहत कैंप में रखा गया था।
अब पानी काफी हद तक उतर गया है। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं। हालांकि, बाढ़ के कारण फसलों को काफी नुकसान हुआ है। अब प्रशासन की टीम नुकसान का आकलन करेगी, जिसके बाद प्रभावित किसानों की स्थिति स्पष्ट होगी। सूरजगढ़ गांव का पुल दो जिलों को जोड़ता है। गंगरेल डैम का गेट खोले जाने के बाद महानदी का जलस्तर बढ़ गया और नदी उफान पर आ गई। इसके चलते दोनों किनारों पर बसे कई गांवों तक पानी पहुंच गया। पुसौर ब्लॉक के सूरजगढ़ गांव में बाढ़ का असर सबसे ज्यादा देखा गया। गांव में करीब 122 घर हैं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे गांव को खाली करा लिया था। ग्रामीणों को पड़ीगांव में बनाए गए राहत कैंप में सुरक्षित रखा गया। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह तक गांव से पानी पूरी तरह उतर गया। इसके बाद ग्रामीण अपने घरों में लौटकर साफ-सफाई में जुट गए हैं। बाढ़ का असर खेतों में भी पड़ा है और कई फसलों को नुकसान होने की बात सामने आ रही है।
मिर्ची और सब्जी की फसल को नुकसान
सूरजगढ़ गांव में ग्रामीणों ने बड़ी मात्रा में सब्जी और मिर्ची की फसल लगाई थी। बाढ़ का पानी भरने से इन फसलों को काफी नुकसान हुआ है। ग्रामीण मिर्ची के पौधे भी तैयार करते हैं, वे भी पानी में खराब हो गए। अब पानी पूरी तरह उतरने के बाद कृषि विभाग की टीम फसल नुकसान का आकलन करेगी। फिलहाल संभावना जताई जा रही है कि सैकड़ों एकड़ में सब्जी और मिर्ची की फसल प्रभावित हुई है। नुकसान का सही आंकड़ा सर्वे के बाद ही सामने आएगा। गांव के पटवारी रामनिवास पटेल ने बताया कि बाढ़ की स्थिति बनने के बाद से लगातार हालात पर नजर रखी जा रही थी। अब गांव से पानी लगभग उतर चुका है। हालांकि, एहतियात के तौर पर ग्रामीणों को अभी कैंप में रखा गया है। हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं और ग्रामीण अपने घरों में लौटकर साफ-सफाई में जुट गए हैं। फसलों को नुकसान हुआ है, लेकिन कितने एकड़ में फसल खराब हुई है, यह कृषि विभाग के सर्वे के बाद ही स्पष्ट होगा।

