रायगढ़ घराने की कथक परंपरा और भाव-लय का दिखा मनोहारी संगम

Gupta Lochan
10 Min Read

रायगढ़। 41 वें चक्रधर समारोह-2026 की सांस्कृतिक संध्या में रायगढ़ घराने की प्रतिभाशाली कथक नृत्यांगना शिल्पा सिंह ने अपनी भावपूर्ण और आकर्षक प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके नृत्य में कथक की बारीकियों, लय-ताल की सटीकता और प्रभावशाली अभिनय का सुंदर समन्वय देखने को मिला। प्रस्तुति के दौरान रायगढ़ घराने की समृद्ध नृत्य परंपरा की विशिष्ट झलक ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
शिल्पा सिंह पं. सुनील वैष्णव, श्रीमती वासंती वैष्णव एवं गुरु महुआ शंकर की शिष्या हैं। उन्होंने कथक नृत्य में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। रायगढ़ घराने की पारंपरिक शैली के साथ परन, तोड़ा, लयकारी और अभिनय में उनकी विशेष पकड़ है। वे स्वयं भी कथक के शिक्षण एवं कोरियोग्राफी के माध्यम से नई पीढ़ी को इस समृद्ध कला परंपरा से जोडऩे का कार्य कर रही हैं। शिल्पा सिंह ‘मां कात्यायनी कथक डांस एकेडमी’ की संस्थापक हैं। उन्होंने देश के विभिन्न प्रतिष्ठित सांस्कृतिक मंचों पर कथक की प्रस्तुतियां दी हैं। राजिम कुंभ कल्प, भरतमुनि महोत्सव भुवनेश्वर, महाराणा कुंभा संगीत समारोह उदयपुर और भोरमदेव महोत्सव सहित अनेक प्रमुख आयोजनों में उनकी प्रस्तुतियां हो चुकी हैं।
कथक साधना के लिए मिल चुके हैं अनेक सम्मान
कथक के क्षेत्र में उनके योगदान और प्रतिभा को अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। वर्ष 2024 में उन्हें गुरु सम्मान एवं कौशल महोत्सव में गुरु सम्मान प्राप्त हुआ। वर्ष 2023 में नटवर गोपीकृष्ण राष्ट्रीय पुरस्कार तथा नर्तन रिदम महोत्सव में सम्मान मिला। वहीं वर्ष 2022 में एआईडीए भिलाई की अखिल भारतीय नृत्य प्रतियोगिता में उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त किया और नवोदित कलाकार पुरस्कार से भी सम्मानित हुईं।

बिलासपुर की शिव शक्ति कला संस्था ने कथक की मनमोहक प्रस्तुति से बांधा समां

रायगढ़। 41वें अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह-2026 के चौथे दिन बिलासपुर की शिव शक्ति कला संस्था ने कथक की मनमोहक प्रस्तुति से सांस्कृतिक संध्या को खास बना दिया। गुरु राधिका पाखी के निर्देशन में कलाकारों ने कथक की शास्त्रीय परंपरा, भाव और लय का सुंदर प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत ईश्वरी पताड़े ने गणेश वंदना से की। इसके बाद उद्भव ठक्कर ने कृष्ण वंदना प्रस्तुत कर भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य स्वरूप और माधुर्य को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। ईश्वरी पताड़े और उद्भव ठक्कर ने इसके बाद साथ मिलकर तराना प्रस्तुत किया, जिसमें कथक की लय, गति और पद संचालन का सुंदर समन्वय देखने को मिला। इसके बाद संस्था की निदेशक एवं गुरु राधिका पाखी ने अपनी कथक प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति में भाव, लय और ताल का सुंदर मेल नजर आया। कलाकारों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ सराहा। वर्ष 2019 में स्थापित शिव शक्ति कला संस्था भारतीय शास्त्रीय नृत्य, संगीत एवं कला के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य भारतीय कला एवं संस्कृति की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ नई प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और मंच प्रदान करना है।

चक्रधर समारोह में मधुमिता रॉय मिश्रा ने कथक की शास्त्रीय नृत्य की विविधता से कराया परिचित


रायगढ़। 41वें चक्रधर समारोह की चौथी शाम सुप्रसिद्ध कथक कलाकार मधुमिता रॉय मिश्रा ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को कथक की शास्त्रीय नृत्य परंपरा और उसकी विविध शैलियों से परिचित कराया। पद्मविभूषण पंडित बिरजू महाराज की वरिष्ठ शिष्या मधुमिता रॉय मिश्रा ने कथक की पारंपरिक शैली, भाव, लय और ताल का सुंदर संयोजन प्रस्तुत किया।
चक्रधर समारोह के मंच पर उनके साथ श्रीयंका माली, अनिमिखा दे, चन्द्रिका दास, प्रसेनजीत मजूमदार और अमित कुमार दास ने सहभागिता की। कार्यक्रम में ओम ब्रह्मे, भजन-द्रौपदी चीर हरण, ध्रुपद और कथक फ्यूजन की प्रस्तुतियां शामिल रहीं। कलाकारों ने भावाभिनय, पद संचालन, लयकारी और ताल के माध्यम से कथक की अलग-अलग प्रस्तुतियों को जीवंत किया। मधुमिता रॉय मिश्रा कथक के क्षेत्र में देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान रखती हैं। वे दूरदर्शन की शीर्ष श्रेणी की कलाकार होने के साथ भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद तथा भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की उत्कृष्ट श्रेणी की कलाकार हैं। वे राष्ट्रीय छात्रवृत्ति प्राप्त कर चुकी हैं और दिल्ली स्थित कथक केन्द्र से फैलोशिप भी हासिल कर चुकी हैं। संगीत नाटक अकादमी से मान्यता प्राप्त कलाकार के रूप में उन्होंने देश के अनेक प्रतिष्ठित समारोहों में प्रस्तुति दी है।
उन्होंने खजुराहो महोत्सव, ताज महोत्सव, कथक महोत्सव, वाराणसी के संकट मोचन महोत्सव, राजगीर महोत्सव और निशागंधी महोत्सव सहित विभिन्न प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों में प्रस्तुतियां दी हैं। आईसीसीआर और भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की कलाकार के रूप में उन्होंने अमेरिका, कनाडा, इटली, जर्मनी, मिस्र, इंडोनेशिया, चीन, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, सिंगापुर, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में भारतीय शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुतियां दी हैं। वर्तमान में वे कोलकाता के रवींद्र भारती विश्वविद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं।

जान्हबी बेहरा की मनोहारी ओडिसी नृत्य प्रस्तुति से भाव, लय और सौंदर्य का दिखा संगम


रायगढ़। चक्रधर समारोह के चौथे दिन प्रतिष्ठित ओडिसी नृत्यांगना एवं बहुआयामी कलाकार जान्हबी बेहरा ने अपनी मनोहारी ओडि़सी नृत्य की प्रस्तुति से समारोह के मंच पर भाव, लय और सौंदर्य का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। उनके भाव-अभिनय, सुरुचिपूर्ण मुद्राओं और नृत्य की शास्त्रीय गरिमा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जान्हबी बेहरा ने ‘अधुरम-मधुरम’ सहित विभिन्न शास्त्रीय गीतों पर भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुति के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा और ओडिसी की भावप्रधान शैली की मनोहारी झलक देखने को मिली। नृत्य की बारीकियों, भावों की अभिव्यक्ति और लय-ताल पर उनकी सधी हुई पकड़ ने प्रस्तुति को विशेष प्रभाव प्रदान किया।
ज्ञातव्य है कि जान्हबी बेहरा ने बेहद कम उम्र में गुरु श्री रमेश चंद्र जेना एवं गुरु श्री युधिष्ठिर नायक के मार्गदर्शन में ओडिसी नृत्य की साधना प्रारंभ की। इसके बाद उन्होंने ‘उड़ीसा डांस एकेडमी’ में पद्मश्री गुरु श्रीमती अरुणा मोहंती एवं पद्मश्री गुरु श्री गंगाधर प्रधान के सान्निध्य में गहन प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी कला को और अधिक निखारा। निरंतर साधना और समर्पण के बल पर उन्होंने एकल कलाकार के रूप में ओडिसी नृत्य के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
जान्हबी बेहरा को संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली द्वारा प्रतिष्ठित उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वे दूरदर्शन केंद्र, भुवनेश्वर की मान्यता प्राप्त कलाकार होने के साथ ही भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद, नई दिल्ली की पैनलबद्ध कलाकार हैं। इसके अलावा वे भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए कार्यरत स्पिक मैके से भी संबद्ध हैं। देश के विभिन्न प्रतिष्ठित सांस्कृतिक महोत्सवों में अपनी प्रस्तुतियां दे चुकीं जान्हबी बेहरा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी भारतीय शास्त्रीय नृत्य की छटा बिखेरी है। उन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा, जापान, यूनाइटेड किंगडम, चीन, कंबोडिया, वियतनाम, मलेशिया और सिंगापुर सहित अनेक देशों में ओडिसी नृत्य की प्रस्तुतियां दी हैं। चक्रधर समारोह के मंच पर उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को ओडिसी नृत्य की भाव-संपन्न और सौंदर्यपूर्ण परंपरा से रूबरू कराया।

चक्रधर समारोह में शिवरंजनी हरीश की भरतनाट्यम प्रस्तुति


रायगढ़। चक्रधर समारोह के चौथे दिन बेंगलुरु की प्रसिद्ध भरतनाट्यम कलाकार एवं शिक्षिका सुश्री शिवरंजनी हरीश ने शानदार शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति में भरतनाट्यम की सुंदर भाव-भंगिमाओं और नृत्य शैली ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम की शुरुआत पुष्पांजलि एवं भगवान शिव की स्तुति से हुई। इसके बाद नृत्य के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेश तक के प्रसंगों को प्रस्तुत किया गया। समापन में गोस्वामी तुलसीदास जी के प्रसिद्ध भजन के माध्यम से भगवान श्रीराम से जुड़े प्रसंगों का भावपूर्ण चित्रण किया गया, जिसमें अहिल्या की शाप-मुक्ति, सीता स्वयंवर और शबरी के मोक्ष का प्रसंग शामिल रहा।
शिवरंजनी हरीश को 36 वर्षों का नृत्य-साधना और 26 वर्षों का नृत्य-शिक्षण का अनुभव है। उन्होंने 2 हजार से अधिक विद्यार्थियों को भरतनाट्यम का प्रशिक्षण दिया है। देश-विदेश के अनेक मंचों पर प्रस्तुति दे चुकीं शिवरंजनी हरीश ने कला के माध्यम से शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया है। उनकी प्रस्तुति के बाद दर्शकों ने तालियों की गडग़ड़ाहट से कलाकार का उत्साहवर्धन किया।

Share This Article