रायगढ़। जूटमिल इलाके में युवकों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे भाजपा पार्षद विजय चौहान पर एक युवक ने लोहे की जैक रॉड से हमला कर दिया। वार्ड नंबर-36 के पार्षद के सिर में चोट आई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद फरार आरोपी कमल सारथी (26) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार रात करीब पौने 10 बजे की है। विजय चौहान जूटमिल पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर घर जा रहे थे। पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के पास उन्होंने कुछ युवकों को आपस में मारपीट करते देखा। जनप्रतिनिधि होने के नाते पार्षद विवाद शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे। वहां पुराना बस स्टैंड निवासी कमल सारथी कुछ लोगों से मारपीट कर रहा था। पार्षद ने उसे झगड़ा करने से मना किया। पुलिस के मुताबिक पार्षद के समझाने पर कमल सारथी भडक़ गया। उसने गाली-गलौज करते हुए विजय चौहान को जान से मारने की धमकी दी और हाथ में रखे लोहे के जैक रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में पार्षद घायल हो गए। घटना के बाद उनके पिता ने जूटमिल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1), 115(2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया।
गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपता रहा आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्स्क्क शशि मोहन सिंह ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी अपने घर वापस आया है। इसके बाद टीम ने उसके घर पर दबिश देकर कमल सारथी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में बोला- गुस्से में कर दिया हमला
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि, उसके जीजा के साथ विवाद चल रहा था। इसी दौरान पार्षद ने बीच-बचाव करते हुए उसे झगड़ा करने से मना किया। इस पर गुस्से में आकर उसने जैक रॉड से पार्षद पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लोहे का जैक रॉड बरामद कर जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

