हाई स्कूल के सामने पहुंचा हाथी शावक, निगरानी टीम अलर्ट

झुंड से बिछड़े शावक ने रिहायशी इलाके में दी दस्तक, सुरक्षा बढ़ाई गई

Gupta Lochan
2 Min Read

धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ वन मंडल के बोरो रेंज अंतर्गत चाल्हा क्षेत्र में पिछले चार दिनों से झुंड से बिछड़े हाथी शावक की गतिविधियों को लेकर वन अमला लगातार सतर्क है। रविवार सुबह करीब 10 बजे शावक रिहायशी इलाके में स्थित हाई स्कूल के सामने पहुंच गया, जिसके बाद आसपास के क्षेत्र में वन विभाग की निगरानी टीम को अलर्ट कर दिया गया।
शावक के स्कूल के समीप पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग का दल मौके पर पहुंचा और उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। स्कूल एवं रिहायशी क्षेत्र होने के कारण वन अमला विशेष सतर्कता बरत रहा है, ताकि शावक और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बताया जा रहा है कि शावक पिछले चार दिनों से अपने झुंड से अलग है। राहत की बात यह है कि फिलहाल उसके स्वस्थ होने की जानकारी है। वन विभाग की टीम उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के साथ उसके झुंड की तलाश में भी जुटी है, ताकि परिस्थितियां अनुकूल होने पर उसे सुरक्षित रूप से दल से मिलाया जा सके।
फिलहाल हाई स्कूल के सामने शावक की मौजूदगी के बाद वन अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है।

Share This Article