शराब घोटाला मामले में इओडब्ल्यू/एसीबी की कार्रवाई, लॉकडाउन में अवैध शराब परिवहन में लिप्त दो वाहन जब्त

Gupta Lochan
2 Min Read

रायपुर। बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण/एंटी करप्शन ब्यूरो (इओडब्ल्यू/एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए गए दो और वाहनों को जब्त किया है। दोनों वाहन लॉकडाउन के दौरान एन.व्ही. डिस्टलरीज से शराब के अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए गए थे। बता दें कि अब तक 28 वाहनों पर जब्ती की कार्रवाई की जा चुकी है।
इओडब्ल्यू/एसीबी के अनुसार, प्रकरण क्रमांक 04/2024 में जांच के दौरान पूछताछ में सामने आया कि मार्च-अप्रैल 2020 के लॉकडाउन के दौरान एन.व्ही. डिस्टलरीज से आबकारी अधिकारियों के माध्यम से शराब का अवैध परिवहन किया गया था। आरोप है कि शराब को रायपुर और दुर्ग के विभिन्न होटल एवं बार में पहुंचाकर अधिक कीमत पर बेचा गया और इससे प्राप्त रकम को शराब सिंडिकेट तक पहुंचाया जाता था।

 

श्री साईं ट्रांसपोर्ट के दो वाहन जब्त

जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर ब्यूरो ने श्री साईं ट्रांसपोर्ट से जुड़े दो वाहनों को जब्त किया है। इनमें वाहन क्रमांक सीजी04-एमएफ-1274 और सीजी04-एमसी-2618 शामिल हैं। ब्यूरो के मुताबिक, वर्तमान में दोनों वाहन गैस परिवहन के कार्य में उपयोग किए जा रहे थे। जांच के दौरान लॉकडाउन अवधि में अवैध शराब परिवहन में इनके इस्तेमाल की जानकारी सामने आने के बाद इन्हें जब्त किया गया।

 

अब तक 28 वाहनों पर कार्रवाई

इओडब्ल्यू/एसीबी के अनुसार, शराब घोटाला मामले की जांच के दौरान अब तक कुल 28 वाहनों की जब्ती की कार्रवाई की जा चुकी है। मामले में इओडब्ल्यू/एसीबी द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 और 12 तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी, 420, 467, 468 और 471 के तहत जांच की जा रही है। ब्यूरो की जांच में शराब के अवैध परिवहन, बिक्री और उससे प्राप्त रकम के सिंडिकेट तक पहुंचाए जाने से जुड़े पहलुओं की पड़ताल जारी है।

Share This Article