डेंगू के खिलाफ शहर सरकार ने जनजागरूकता अभियान का किया शंखनाद

महापौर जीवर्धन चौहान एवं सभापति डिग्री लाल साहू ने डेंगू जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी, जनप्रतिनिधियों के साथ किया पैदल मार्च, डेंगू को हराने के लिए जनभागीदारी जरूरी, हर नागरिक बने स्वच्छता प्रहरी : महापौर चौहान

Gupta Lochan
6 Min Read

रायगढ़। डेंगू की रोकथाम और नागरिकों को इसके प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा जनजागरूकता अभियान अभी से शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में सोमवार को महापौर श्री जीवर्धन चौहान एवं सभापति श्री डिग्री लाल साहू ने डेंगू जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही महापौर, सभापति, एमआईसी सदस्य, पार्षदों एल्डरमैन एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों पर पैदल मार्च कर नागरिकों को डेंगू से बचाव एवं रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। जागरूकता रैली का शुभारंभ महात्मा गांधी प्रतिमा चौक से हुआ। महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके पश्चात डेंगू जागरूकता रैली प्रारंभ हुई। रैली में सबसे आगे पंक्ति में डेंगू जागरूकता रथ था, जिसमें खासतौर पर छत्तीसगढ़ी भाषा में तैयार की गई डेंगू जागरूकता गीत लाउडस्पीकर पर चल रहा था। इसलिए सडक़ पर गुजरने वाले और लोगों की नजर रैली में बनी रही। इस दौरान निगम की टीम ने लोगों से डेंगू के खिलाफ सामूहिक रूप से अभियान में जुडऩे और अपने घर, मोहल्ले तथा आसपास के क्षेत्रों में साफ पानी का जमाव नहीं होने देने के साथ स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

घर-घर जागरूकता का संदेश, पंपलेट बांटकर बताए बचाव के उपाय

रैली के दौरान महापौर श्री चौहान एवं सभापति श्री साहू सहित जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों को डेंगू से संबंधित जागरूकता पंपलेट वितरित किए। पंपलेट के माध्यम से डेंगू के लक्षण, मच्छरों के प्रजनन स्थलों और इससे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई। महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि डेंगू की रोकथाम केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक अपने घर एवं आसपास पानी का जमाव नहीं होने दे और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखे, तो डेंगू के मच्छरों की उत्पत्ति को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से नगर निगम के जागरूकता अभियान से जुडक़र रायगढ़ को डेंगू मुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। सभापति श्री डिग्री लाल साहू ने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए सावधानी और जागरूकता सबसे प्रभावी उपाय हैं। घरों में कूलर, गमले, टायर, पुराने बर्तन, कबाड़ अथवा अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने दें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी डेंगू से बचाव के लिए जागरूक करें।

शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी जागरूकता रैली

महात्मा गांधी प्रतिमा चौक से प्रारंभ हुई रैली बेटी बचाओ चौक, स्टेशन चौक, सत्तीगुड़ी चौक, घड़ी चौक, हंडी चौक, गौरीशंकर मंदिर सडक़, गोपी टॉकीज चौक एवं संजय मार्केट होते हुए वापस नगर निगम कार्यालय पहुंची, जहां रैली का समापन किया गया। रैली के दौरान निगम के जागरूकता रथ के माध्यम से भी नागरिकों को डेंगू से बचाव के संदेश दिए गए। जनप्रतिनिधियों एवं निगम अमले ने पैदल मार्च करते हुए नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता रखने, पानी जमा नहीं होने देने और मच्छरों की उत्पत्ति रोकने के लिए नियमित रूप से आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की।

 

निगम की तैयारियों के साथ नागरिकों की सहभागिता से बनेगा डेंगू मुक्त रायगढ़

नगर निगम द्वारा डेंगू की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान के साथ-साथ नागरिकों को आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। जागरूकता रथ के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में डेंगू से बचाव संबंधी संदेश प्रसारित किए जाएंगे। महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ रायगढ़ का निर्माण जनप्रतिनिधियों, नगर निगम के अमले और शहरवासियों के सामूहिक प्रयास से ही संभव है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और कहीं भी पानी का जमाव दिखाई देने पर उसे हटाने के लिए पहल करें।

 

बड़ी संख्या में शामिल हुए जनप्रतिनिधि और निगम अधिकारी-कर्मचारी

डेंगू जागरूकता अभियान में महापौर चौहान, सभापति साहू, एमआईसी सदस्य सुरेश गोयल, मुक्तिनाथ बाबुआ, श्रीमती त्रिवेनी डहरे, अमित शर्मा, आनंद भगत, पार्षद हरि सराफ, नरेश पटेल, यादराम साहू, नवाब खान, श्रीमती संगीता यादव, श्रीमती ज्योति यादव, श्रीमती नेहा देवांगन, श्रीमती श्वेता क्षत्रिय, एल्डरमैन श्री सुनील थवाईत, मनोज शर्मा, ज्ञानू गौतम, पप्पू पांडेय, मनीष गाँधी, प्रदीप शृंगी सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर डेंगू के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और रायगढ़ को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने का संदेश दिया।

डेंगू से बचाव के पांच मंत्र

पानी जमा न होने दें- घर और आसपास किसी भी पात्र में पानी को लंबे समय तक जमा न रहने दें।
कूलर और पानी के पात्र साफ रखें- कूलर, गमले, टंकियां, टायर एवं अन्य पात्रों की नियमित सफाई करें।
पानी के पात्र ढंककर रखें- घर में रखी पानी की टंकियों एवं अन्य पात्रों को हमेशा ढंककर रखें।
मच्छरों से बचाव करें- मच्छररोधी उपाय अपनाएं और मच्छरों के काटने से बचने के लिए सावधानी बरतें।
लक्षण दिखें तो तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें- तेज बुखार सहित डेंगू के लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लें।

Share This Article