नायब तहसीलदार पर युवती से दुष्कर्म का अपराध दर्ज

युवती बोली- शादी का झांसा देकर होटल में संबंध बनाया

Gupta Lochan
3 Min Read

रायपुर। बातचीत के बाद अधिकारी ने शादी का भरोसा देकर संबंध बनाया। आरोपी है कि युवती जब भी शादी बात करती अधिकारी टालमटोल करता है। फिलहाल पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी अफसर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच में सामने आया कि नायब तहसीलदार दिवाकर भास्कर वर्तमान में सूरजपुर में पदस्थ है। केस दर्ज होने के बाद आरोपी फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई। यह मामला गंज थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, युवती और नायब तहसीलदार की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी। इसी दौरान नायब तहसीलदार ने युवती को शादी करने का भरोसा दिया। आरोप है कि अधिकारी ने शादी का वादा कर उसे रायपुर के होटल में बुलाया गया और संबंध बनाए। पीडि़ता का आरोप है कि संबंध बनने के बाद जब उसने शादी को लेकर बात की, तो दिवाकर भास्कर लगातार टालमटोल करने लगे। बाद में उसे एहसास हुआ कि शादी का आश्वासन देकर उसके साथ धोखे से संबंध बनाए गए हैं। इसके बाद उसने गंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
दिवाकर भास्कर वर्तमान में सूरजपुर जिले के लटौरी क्षेत्र में नायब तहसीलदार के पद पर पदस्थ है। बताया जा रहा है कि मामला दर्ज होने के बाद से वह पुलिस की पहुंच से बाहर है। उसने 6 जून से मेडिकल लीव ले रखी है। तब से वह कार्यालय में भी उपस्थित नहीं हुआ है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। निवास समेत अन्य स्थानों पर भी टीम भेजी गई है। हालांकि देर शाम तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। पुलिस अब मामले से जुड़े सभी तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगाल रही है। जांच के दौरान होटल में ठहरने से जुड़े दस्तावेज, मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया चैट और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की जाएगी। पुलिस अफसरों के मुताबिक युवती के बयान और मिले शुरुआती सबूतों के आधार पर बीएनएस की धारा 69 के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जाएगी और जांच में सामने आने वाली बातों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article