रामनवमी पर पखांजुर बना ‘राममय’, नेताजी चौक की भव्य सजावट और झांकियों ने जीता दिल

शोभायात्रा और झांकियों ने मोहा मन, रामनवमी पर पखांजुर में उमड़ा जनसैलाब

Gupta Lochan
2 Min Read

पखांजुर। रामनवमी के पावन अवसर पर इस वर्ष पखांजुर में आस्था, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। पुराना बाजार स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस चौक और प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आस्था केंद्र बन गए, जहां सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया गया। इसके बाद शाम होते ही निकली भव्य शोभायात्रा ने पूरे नगर को राममय बना दिया। गाजे-बाजे, जयघोष और श्रद्धालुओं की उमंग से वातावरण भक्तिमय हो उठा। नेताजी चौक को रंग-बिरंगी लाइटिंग और आकर्षक सजावट से इस तरह सजाया गया था कि पूरा क्षेत्र दिव्य आभा से जगमगा उठा। शाम ढलते ही रोशनी की चमक ने हर किसी को मंत्रमुग्ध कर दिया और लोग इस भव्यता को निहारते रह गए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान की सजीव झांकियां रहीं, जिन्हें बेहद आकर्षक और भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया। इन झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे और हर वर्ग के लोगों में खासा उत्साह देखा गया।
पूरे आयोजन के दौरान ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी जयघोष से वातावरण गूंजता रहा, जिसने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का संदेश भी दिया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में नारायण साहा, पंकज कुंडू (पोलटू), संदीप मजूमदार, कमलेश पटेल, नान्टू सिकदर, दीनानाथ चुरेन सहित अनेक कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। सभी के सामूहिक प्रयास से यह आयोजन पखांजुर के लिए एक यादगार क्षण बन गया।

Share This Article