बिलासपुर मंडल में राजभाषा पखवाड़ा का समापन

सरस काव्य गोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण व ई-पत्रिका ‘बिलासपुर मंडल दर्पण’ का विमोचन

Gupta Lochan
3 Min Read

बिलासपुर। मंडल में 14 सितंबर से 29 सितंबर 2025 तक राजभाषा पखवाड़ा मनाया गया। दिनांक 29 सितम्बर 2025 को इस पखवाड़ा का समापन समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंडल के शाखाधिकारी, अधिकारी एवं सभी पुरस्कार विजेता उपस्थित थे 7 कार्यक्रम के प्रारंभ में अध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री राजमल खोईवाल का प्लांटर से स्वागत किया गया। साथ ही प्रभारी राजभाषा अधिकारी द्वारा काव्य गोष्ठी के अवसर पर आमंत्रित कवि एवं कवयित्री का पुष्प कलिका से स्वागत किया गया।
सर्वप्रथम मंडल रेल प्रबंधक श्री राजमल खोईवाल की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में रेलवे बोर्ड के मानक कार्यसूची के अनुसार अप्रैल -जून 2025 तिमाही में हुई राजभाषा प्रगति का पावर प्वाइंट के माध्यम से समीक्षा की गई। तत्पश्चात राजभाषा पखवाड़ा के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं-कार्यक्रमों की झलकियाँ प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक महोदय के करकमलों से बिलासपुर मंडल की ई – पत्रिका ‘बिलासपुर मंडल दर्पण ‘ के 12 वें अंक का विमोचन किया गया।
इसके पश्चात एक सरस काव्य-गोष्ठी आयोजित की गयी, जिसमें रेल परिवार एवं रेलवे से इतर आमंत्रित कवि/कवयित्री ने अपनी उत्कृष्ट कविताओं से उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में मंडल रेल प्रबंधक श्री राजमल खोईवाल के करकमलों से राजभाषा पखवाड़ा के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। अरविंद विश्वकर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर(समन्वय) ने अपने संबोधन में कहा कि राजभाषा पखवाड़ा का समापन हो रहा है, परंतु राजभाषा गतिविधियों का नहीं। मैं आप सभी से आग्रह करता हूँ कि राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें। हम सभी का उत्तरदायित्व है कि सरकारी कामकाज में राजभाषा नीति का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के अध्यक्ष मंडल रेल प्रबंधक श्री राजमल खोईवाल ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि हिंदी एक उदार भाषा है जिसमें सभी क्षेत्रीय भाषाओं के शब्द समाहित हैं। हमें अपनी रोजमर्रा के कार्य में राजभाषा हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करना चाहिए। हिंदी अपनी विशेषताओं के कारण दिन-प्रतिदिन स्वत: आगे बढ़ रही है। उन्होंने आमंत्रित कवि/कवयित्री का विशेष रूप से आभार प्रकट किया जिन्होंने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं से वातावरण को काव्यमय बना दिया। उन्होंने राजभाषा पखवाड़ा के दौरान आयोजित प्रतियोगीताओं के विजेता अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी एवं सहभागिता करने वाले की सराहना की। राजभाषा पखवाड़ा के सफल आयोजन के लिए राजभाषा की टीम को बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी राजभाषा अधिकारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी श्री रंजन कुमार रुखैयार ने किया।

Share This Article