‘रेलवन ऐप’ की उपयोगिता से यात्रियों को जोडऩे मंडल वाणिज्य विभाग का व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान

आज उसलापुर स्टेशन में अभियान चलाकर यात्रियों को रेलवन ऐप का अधिकाधिक उपयोग के लिए किया गया प्रेरित

Gupta Lochan
2 Min Read

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा यात्रियों को डिजिटल सुविधा से जोडऩे हेतु ‘रेलवन ऐप’ का व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में चलाये जा रहे इस अभियान के तहत आज मंडल के उसलापुर स्टेशन में विशेष प्रचार-प्रसार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान के दौरान वाणिज्य निरीक्षक व वाणिज्य विभाग की स्पेशल टीम ने यात्रियों को ‘रेलवन ऐप’ की उपयोगिता एवं इसके माध्यम से उपलब्ध होने वाली सभी रेल सेवाओं की जानकारी दी। यात्री न केवल टिकट बुकिंग, बल्कि लाइव ट्रेन स्टेटस, आरक्षण विवरण, स्टेशन जानकारी, रिफंड प्रक्रिया तथा शिकायत निवारण जैसी सुविधाओं का लाभ एक ही मंच पर ले सकते हैं। यात्रियों को इस ऐप के उपयोग की विधि भी मौके पर समझाई गई तथा उन्हें इसे अपने मोबाइल में इंस्टॉल करने के लिए प्रेरित किया गया। यात्रियों ने रेलवे की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह ऐप वास्तव में रेल यात्रियों के लिए सुविधाओं को और सरल बना दिया है। यह अभियान अन्य स्टेशनों में भी चलाया जा रहा है जिससे अधिकाधिक यात्री इसका सरलता पूर्वक प्रयोग कर लाभान्वित हो सके। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए जनजागरूकता अभियान निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक यात्री ‘रेलवन ऐप’ की सुविधा का लाभ उठा सकें।

Share This Article