बीएमओ पर चिरायु वाहन के मालिकों को महीनों से भुगतान नहीं करने का आरोप

Gupta Lochan
3 Min Read

सक्ती। सक्ती में बीएमओ सूरज राठौर पर चिरायु योजना में लगी वाहनों का महीनों से भुगतान नहीं करने का आरोप है. सीएमएचओ कार्यालय से 11 अप्रैल 2025 को सभी बीएमओ को पत्र जारी कर प्रति माह 40,000 रुपए की राशि स्वीकृत कर दी गई थी. साथ ही चिरायु योजना का संचालन बीएमओ कार्यालय से करने निर्देश जारी किए गए थे. इसके बावजूद आरोप है कि सक्ती बीएमओ ने अब तक वाहन मालिकों को भुगतान नहीं किया. अब वाहन मालिक अपनी गाडिय़ा अस्पताल में नहीं लगा रहे हैं.
सक्ती जिले के 4 ब्लॉक- सक्ती, जैजैपुर, मालखरौदा और डभरा है. जानकारी के अनुसार जैजैपुर में वाहन मालिकों को जून तक का भुगतान कर दिया गया है. मालखरौदा में भी भुगतान कर दिया गया है. डभरा में बीएमओ ने गाडिय़ा नहीं लगाई इसलिए वहां के खाते में राशि शेष है. लेकिन सक्ती में सीएमएचओ कार्यालय से राशि मिलने के बाद भी बीएमओ ने भुगतान में लापरवाही की है. जिसके चलते आज भी वाहन मालिक भुगतान के लिए भटक रहे है.
डीपीएम सक्ती कीर्ति बी का इस मामले पर कहना है कि अप्रैल माह में सभी बीएमओ को सीएमएचओ कार्यालय से पत्र जारी कर चिरायु योजना की राशि की स्वीकृति ओर योजना के संचालन की जिम्मेदारी दे दी गई थी. सक्ती बीएमओ ने वाहन मालिकों को भुगतान नहीं किया है, ऐसी जानकारी मिली है. इसकी जांच जारी है. वहीं एक पत्र और सभी बीएमओ को भेजा जा गया है, जिसमें वाहनों के टेंडर और कर्मचारियों का हड़ताल खत्म होने तक चिरायु योजना के संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए आदेशित किया गया है. बता दें कि हाल में बीएमओ डॉ. सूरज राठौर सुर्खियों में रहे थे. सक्ती के मातृ एवं शिशु अस्पताल में पिछले 5 महीने से गर्भवती महिलाओं का ऑपरेशन नहीं हो रहा है. पदस्थ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कल्पना राठौर के छुट्टी पर होने की वजह से अप्रैल से ऑपरेशन थिएटर में ताला लगा हुआ है. इसके बावजूद बीएमओ डॉ सूरज राठौर ने कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की. वरिष्ठ अधिकारियों के कई बार प्रयास किए जाने के बाद भी बीएमओ नहीं माने.

Share This Article