नक्सल प्रभावित ग्राम पोलमपल्ली में समाधान शिविर हुआ सम्पन्न

शिविर में महिला आयोग की सदस्या ने गोद भराई रस्म में लिया भाग

Gupta Lochan
2 Min Read

सुकमा। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन तथा मार्गदर्शन में कोंटा विकासखंड के नक्सल प्रभावित अंदरूनी क्षेत्र पोलमपल्ली में मंगलवार को सुशासन तिहार के अंतर्गत समाधान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पोलमपल्ली, कांकेरलंका, कोर्रापाड़, पालामडलू और चिंतागुफा के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को राज्य महिला आयोग सदस्य अधिवक्ता दीपिका शोरी ने संबोधित करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से अवगत कराया गया। उन्होंने शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा अन्न प्रासन्न और गोद भराई की रस्म अदा की गई। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं से हेलमेट लगाकर वाहन चलाने एवं ड्राइविंग लाइसेंस बनाने हेतु आग्रह किया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए एसडीएम शबाब ख़ान ने छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित सभी शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में पीएम आवास के हितग्राहियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र, नवीन राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, किसान किताब का वितरण किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंगम्मा सोयम, जनपद अध्यक्ष कोंटा कुसुमलता कवासी,नगर पंचायत दोरनापाल अध्यक्ष राधा नायक, जनप्रतिनिधि, धनीराम बारसे, जिला पंचायत सदस्य, कोरसा सन्नू, जनपद सदस्य पोलमपल्ली, भीमा मडक़म, जनपद सीईओ नारद मांझी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
समाधान शिविर के अंतर्गत आने वाले क्लस्टर ग्राम के अंतर्गत एक ग्राम की नाबालिक माता भी अपने शिशु के साथ शिविर में आई थी जिसे देखकर दीपिका ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को बुलाकर नाबालिक माता एवं उसके शिशु के स्वास्थ्य की चिंता करने एवं हर सम्भव मदद करने हेतु कहा व समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सुपरवाइजर को बुलाकर इस क्षेत्र में ऐसे कितने मामले हैं उस पर जानकारी एकत्र कर एक बैठक करने हेतु निर्देशित भी किया।

Share This Article