3 लोगों की लाठी-डंडे से पिटाई

पोकलेन समेत कई वाहनों में पथराव, कपंनी में काम करने से रोका

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। जिले में 4 लोगों ने मिलकर टीपर वाहन के ड्राइवर समेत 3 लोगों की लाठी-डंडे से जमकर पिटाई कर दी। वाहनों में भी पथराव कर दिया। घटना के बाद मामले की सूचना पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, एमपी के शहडोल के निवासी सिवेन्द्र सिंह गोड़ (31) एनटीपीसी कोयला खदान रायकेरा के वीपीआर कंपनी में टीपर वाहन चलाता है। रविवार शाम को वीपीआर चेक पोस्ट नया सेंट्रल स्टोर के पास सिवेन्द्र, उसका साथी प्रदीप कुमार यादव और पोकलेन मशीन ड्राइवर अनिल कुमार यादव काम कर रहे थे।
इसी दौरान बिच्छीनारा गांव निवासी परशुराम एक्का, फूलप्रकाश एक्का, मदन चौहान और घुरउ उनके पास पहुंचे। उनसे कहा कि, केसीसीएल कपंनी हमारे काम का पैसा नहीं दे रहा है। उस कंपनी का काम तुम लोग नहीं करोगे। यह कहते हुए गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
मारपीट से ड्राइवर घायल
जब उन्होंने गाली देने से मना किया, तो चारों ने मिलकर लाठी-डंडे से सिवेन्द्र और उसके साथियों की पिटाई शुरू कर दी। इससे सिवेन्द्र के हाथ, कमर और उसके साथियों को शरीर के अन्य हिस्से पर गंभीर चोट आई है। इसके बाद परशुराम एक्का और उसके साथियों ने वाहनों में पथराव शुरू कर दिया।
सिक्योरिटी गार्डों ने किया बीच-बचाव
पथराव में पोकलेन का कांच टूट गया और वाहनें क्षतिग्रस्त हो गई। विवाद बढ़ता देख आसपास के सिक्योरिटी गार्डों वहां पहुंचे और बीच-बचाव किया। घटना के बाद सिवेन्द्र ने मामले की सूचना थाने में दी।आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Share This Article