राइस मिल संचालक ने पिता-पुत्र व्यवसायी को बनाया बंधक

पुलिस ने कराया मुक्त, अपराध दर्ज

Gupta Lochan
4 Min Read

जशपुर। जिले के पत्थलगांव कमला राइस मिल में चावल बेचने आए पिता-पुत्र व्यवसायी को राइस मिल के संचालक ने जमकर मारपीट कर बंधक बनाकर रखने का बड़ा मामला सामने आया है। बुरी तरह से घायल पिता पुत्र को करीब 4 घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। जिनको पुलिस की मदद से मुक्त कराया गया है।
पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि मारपीट के मामले में पीडि़तों की शिकायत पर पत्थलगांव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है। राइस मिल के संचालक के विरुद्ध दोनों पीडि़तों के अपहरण समेत बीएनएस की धारा 140(3), 296, 115(2), 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार चावल खरीदी को लेकर पत्थलगांव स्थित राइस मिल संचालक का लैलूंगा क्षेत्र के व्यवसायियों के बीच जोरदार विवाद हो गया था। जिसके बाद रकम लेन देन का विवाद बढ़ जाने से दो व्यवसायियों को बंधक बनाया गया था। दरअसल, रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत झगरपुर निवासी मुकेश अग्रवाल की शिकायत पर पत्थलगांव पुलिस ने कमला राइस मिल संचालक परशुराम अग्रवाल, पुत्र आयुष अग्रवाल और उनके भतीजे श्रीराम कुलर वाला के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता मुकेश अग्रवाल का आरोप है कि वह अपने बेटे यश अग्रवाल के साथ दो पिकअप में धान व चावल लोड कर बिक्री के लिए कमला राइस मिल आए थे। सौदा तय नहीं होने पर जब वे लौटने लगे, तो परशुराम अग्रवाल, पुत्र आयुष और उनका भतीजा कार से पीछा करते हुए शिवपुर के पास उन्हें रोककर हमला कर दिया। पीडि़त ने आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मिल और फिर घर ले जाकर मारपीट की गई और 3 लाख रुपये नगद किसी व्यापारी के द्वारा दिया गया।
घटना की जानकारी लैलूंगा क्षेत्र के व्यापारियों को मिलते ही उन्होंने पत्थलगांव पुलिस की मदद से जशपुर रोड़ स्थित परशुराम अग्रवाल के घर में दोनों व्यवसायी को बंधक से मुक्त कराया गया। जहां पुलिस दोनों व्यवसायी को रिहा कर थाना लाई गयी। वहीं पीडि़त के शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच थाना परिसर में भी तीखी बहस हुई। समाज के वरिष्ठजन इस मामले को सुलझाने की कोशिश में लगे रहे, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। अंतत: पुलिस ने अपहरण समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
बड़ा सवाल यह उठता है कि एक ओर जहां पीडीएस चावल की कटौती से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोग उपभोक्ता परेशान हो रहे है। तो वहीं दूसरी ओर पीडीएस के चावल की खरीद बिक्री की जा रही है। इस मामले में यह बात भी सामने आई है कि पीडि़त पक्ष के द्वारा पीडीएस चावल की खरीदी गांव गांव से की जाती है जिसे बेचने के लिए श्री कमला राइस मिल में आए हुए थे। सूत्रों की माने तो कमला राइस मिल में पीडीएस चावल की खरीदी की जाती है। अगर खरीदी होती है तो इस पर कार्यवाही क्यों नही की जाती है।
इस संबंध में पत्थलगांव थाना प्रभारी विनीत पांडेय ने बताया कि एफआईआर दर्ज हो गई है आगे जाँच कर कारवाही की जाएगी।

Share This Article