शादी से पहले सरपंच की बेटी की मौत

जंगल में पेड़ पर लटका मिला शव, हत्या की आशंका

Gupta Lochan
3 Min Read

जशपुर। जिले में सरपंच की 23 साल की बेटी की संदिग्ध हालत में मौत हुई है। बगीचा ब्लॉक के ग्राम पंचायत बुटूंगा में सरपंच नकुल राम की बेटी की लाश एक पेड़ पर लटकी मिली। बताया जा रहा है कि इसी महीने उसकी शादी भी होनी थी।
मृतका का नाम प्रतिमा बाई है। जिसका शव रविवार सुबह घर के पास ही जंगल में एक पेड़ से लटका मिला है। पुलिस इसे सुसाइड केस मानकर जांच कर रही है। वहीं परिजन इसे सुसाइड मानने से इनकार कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार 5 अप्रैल को प्रतिमा के परिवार के सभी सदस्य सरहुल पर्व पर बगीचा गए हुए थे। इस दौरान प्रतिमा घर में अकेली थी। शाम को जब परिजन वापस लौटे तो प्रतिमा घर पर नहीं मिली। काफी देर तक आसपास तलाश करने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। अगले दिन रविवार सुबह जब परिजनों ने दोबारा खोजबीन शुरू की तो घर से कुछ दूरी पर स्थित जंगल में एक पेड़ से उसका शव फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजन ने कहा, शरीर पर चोट के निशान
मृतक के पिता सरपंच नकुल राम ने बताया, बेटी प्रतिमा कल लगभग दोपहर 1 बजे घर से निकली और वापस नहीं आई। तलाश करने पर जंगल में पेड़ पर लटकती उसकी लाश मिली। उसके सिर पर चोट के निशान हैं। उसका मोबाइल भी गायब है। मेरी बेटी ने आत्महत्या नहीं की है। किसी ने उसकी हत्या करके लाश को पेड़ पर लटका दिया है।
शादी के लिए तैयार नहीं होने की भी बात
प्रतिमा की इसी महीने 29 अप्रैल को शादी होनी थी और घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थी। पिता ने भी कहा कि, शादी की तैयारी को लेकर ही मैं बगीचा आया था। घर में बेटे और बेटियां थे। थाना प्रभारी संतलाल आयाम के अनुसार प्राथमिक जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। हालांकि, सुसाइड के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि प्रतिमा की शादी को लेकर घर में कुछ मतभेद चल रहे थे। लडक़ी शादी के लिए तैयार नहीं थी। ऐसे में पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Share This Article