सुकमा में 17 नक्सलियों का एनकाउंटर

11 महिलाएं, 12 साल पहले 27 कांग्रेस लीडर्स के हत्याकांड में शामिल कमांडर भी मारा गया

Gupta Lochan
4 Min Read

सुकमा। नक्सलियों के शवों को बरामद कर लिया गया है। यह एनकाउंटर सुकमा और दंतेवाड़ा जिले के पास केरलापाल थाना क्षेत्र में हुआ। छत्तीसगढ़ के सुकमा और दंतेवाड़ा जिले की सरहद पर शनिवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और सीआरपीएफ के 500-600 जवानों ने 17 नक्सलियों को मार गिराया। इनमें 11 महिला नक्सली हैं। मुठभेड़ केरलापाल थाना क्षेत्र के उपमपल्ली में हुई। मारे गए नक्सलियों में नक्सल संगठन एसजेडसीएम स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर जगदीश उर्फ बुधरा भी शामिल है। बुधरा पर 25 लाख का इनाम घोषित था। वह दरभा घाटी के झीरम कांड में शामिल था। 2013 में हुई इस वारदात में कांग्रेस नेता महेंद्र कर्मा समेत कई बड़े कांग्रेसी लीडर मारे गए थे। इससे पहले 25 मार्च को सुरक्षाबलों ने 25 लाख रुपए के इनामी नक्सली सुधीर उर्फ सुधाकर समेत 3 नक्सलियों को मार गिराया था। बस्तर रेंज में जवानों ने इस साल अब तक 100 नक्सलियों का एनकाउंटर किया है। इसमें 20 मार्च से 29 मार्च के बीच, यानी 10 दिन में ही 49 नक्सली मारे गए हैं।
डीआईजी कमलोचन कश्यप ने बताया कि 17 नक्सलियों के शवों के साथ इंसास, एसएलआर जैसे ऑटोमेटिक वेपंस भी बरामद किए गए हैं। मारे गए नक्सलियों में कई बड़े कैडर्स भी हैं, जिनकी पहचान की जा रही है। मुठभेड़ में डीआरजी के 3 और सीआरपीएफ का एक जवान भी घायल हुए हैं। फिलहाल वे खतरे से बाहर हैं। डीआईजी ने बताया कि ऑपरेशन खत्म हो चुका है। डीआरजी के जवान नक्सलियों के शवों को कंधे पर लादकर करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर जंगल से लौट आए हैं।
नक्सलवाद पर एक और प्रहार- अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया : पर लिखा कि हमारी सुरक्षा एजेंसियों ने सुकमा में एक अभियान में 17 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। ऑटोमेटिक हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को खत्म करने के लिए संकल्पित हैं। शाह ने कहा कि हथियार और हिंसा से बदलाव नहीं आ सकता, केवल शांति और विकास से ही बदलाव लाया जा सकता है। नक्सलियों से हथियार छोडक़र सरेंडर करने की अपील की गई है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 4 अप्रैल को बस्तर के दंतेवाड़ा जाएंगे। यहां नक्सल ऑपरेशन को लेकर मंत्री और अधिकारियों के साथ मीटिंग करेंगे।
वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नक्सलवाद के नासूर को खत्म करने की दिशा में छत्तीसगढ़ ने कदम बढ़ा दिए हैं। सुरक्षाबलों के जवान नक्सलियों की मांद में घुसकर उनको जड़ से खत्म करने का काम कर रहे हैं। जवानों को मिली यह कामयाबी सराहनीय है, उनकी बहादुरी को नमन करता हूं। गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ और केंद्र सरकार एक भी गोली चलाना नहीं चाहती। सरेंडर पॉलिसी बहुत अच्छी है। नक्सलियों को सरेंडर करना चाहिए। कई राज्य ऐसे हैं, जहां लोग पहले नक्सली थे, लेकिन सरेंडर कर चुनाव लड़े और चुनाव जीतकर मंत्री बने हैं। नक्सलियों से सरेंडर की अपील की गई है।

Share This Article