बिजली खंभे से टकराया डीजल-पेट्रोल वाहन

अनियंत्रित होकर पलटा, बाल्टी लेकर तेल लूटने पहुंचे लोग, पत्थलगांव रोड पर हुआ हादसा

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। जिले के पत्थलगांव रोड के मोड़ पर डीजल और पेट्रोल से भरा वाहन बिजली के खंभे से टकरा कर पलट गया। इससे कोई बड़ा नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन जैसे ही लोगों को घटना की जानकारी मिली, वे बाल्टियां और बर्तन लेकर डीजल-पेट्रोल लूटने पहुंच गए। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, आज दोपहर करीब 3 बजे डीजल और पेट्रोल से भरा एक वाहन धरमजयगढ़ से पत्थलगांव की ओर जा रहा था। रास्ते में तेजपुर के पास एक मोड़ पर तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर के बाद वाहन सडक़ किनारे पलट गया, जिससे डीजल और पेट्रोल जमीन पर बहने लगा। जैसे ही आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली, वहां बड़े-बुजुर्ग और बच्चे तक बाल्टियां, बोतलें और अन्य बर्तन लेकर पहुंचे और डीजल-पेट्रोल इक_ा करने लगे। कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई। हालांकि, यह बेहद खतरनाक स्थिति थी, क्योंकि थोड़ी सी चिंगारी भी बड़ा विस्फोट कर सकती थी।
पुलिस जवान मौके पर पहुंचे
तब तक मामले की जानकारी पुलिस को लग चुकी थी। ऐसे में तत्काल धरमजयगढ़ और रैरूमा चौकी से पुलिस के जवान भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान बाल्टियां लेकर पेट्रोल-डीजल जमा करने पहुंचे लोगों को हटाया गया और भीड़ को नियंत्रित किया गया। इस हादसे में ड्राइवर को किसी भी तरह की चोट नहीं आई।
फायर ब्रिगेड बुलाया गया
इस संबंध में धरमजयगढ़ थाना प्रभारी कमला पुशाम ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। वाहन में डीजल और पेट्रोल दोनों था। ऐसे में कोई बड़ी घटना न हो जाए, इसके लिए फायर ब्रिगेड, वाहन को उठाने के लिए क्रेन बुलाया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Share This Article