क्या शनिदेव बरसाएंगे कृपा, जब 30 वर्ष बाद आयेंगे मीन राशि में

29 मार्च को होगा राशि परिवर्तन, कैसा होगा देश दुनिया व सभी राशियों पर असर : डॉ सुमंत शर्मा , ज्योतिष भास्कर

Gupta Lochan
11 Min Read

रायगढ़। नवग्रहों में शनि देव को न्याय व कर्म फल का कारक माना गया है। जिस जातक पर शनि देव मेहरबान हो जाएं वो रातों रात रंक से राजा बन जाता है और जिसके ऊपर उनकी कुदृष्टि पड़ जाए तो उसको बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ज्योतिष व वास्तु विशेषज्ञ डॉ. सुमंत शर्मा जी ने एक विशेष भेंटवार्ता में बताया कि आगामी 29 मार्च 2025 को शन?ि अपनी राशि बदलने वाले है। यह परिवर्तन ज्योतिष और धर्म के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। सबसे मंद गति से चलने वाले शनि देव जो लगभग ढाई वर्षों बाद अपना राशि परिवर्तन करते है और 12 राशियों का चक्कर लगाकर 30 वर्ष बाद दोबारा उसी राशि मे विचरण करते है। अब शनिदेव अपनी स्वयं की राशि कुंभ से निकलकर मीन राशि में 30 वर्ष बाद 29 मार्च रात को लगभग 10.06 मिनट पर प्रवेश करने जा रहे है। ऐसा देखा गया है कि शनि का जब-जब मीन राशि में गोचर होता है, तो देश-दुनिया में प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में कहीं भूकंप तो कहीं भारी बारिश व बाढ़ के कारण जल संकट और सूखा पडऩे की घटनाएं बढ़ सकती है। देशों के भीतर ही समुदायों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है। कई देशों में गृहयुद्ध या दूसरे देशों के बीच युद्ध जैसी स्थिति बन सकती है। सुमंत शर्मा जी के अनुसार वैश्विक स्तर पर आर्थिक, राजनीतिक, वैज्ञानिक और बड़े सामाजिक परिवर्तन होंगे, जिनका प्रभाव लंबे समय तक रहेगा या यूं कहें कि जैसे एक नए युग की शुरुआत की आहट हो सकती है। और अगर सामान्य जनमानस की बात करें तो शनिदेव के मीन राशि में इस गोचर करने से मकर राशि के जातकों को साढ़ेसाती से मुक्ति मिलेगी, वहीं कर्क और वृश्चिक राशि के जातकों को शनि की ढैय्या से राहत मिलेगी। हालांकि, मेष राशि के जातकों के लिए यह बदलाव कुछ चुनौतियां लेकर आएगा।
स्वर्ण पदक प्राप्त ज्योतिषाचार्य व वास्तु विशेषज्ञ डॉ0 सुमंत शर्मा ने बताया कि इस गोचर के साथ ही मीन राशि में सूर्य, बुध, शुक्र और राहु की युति से पंचग्रही योग बनेगा। संयोगवश, चंद्रमा भी उस समय मीन राशि में स्थित होंगे। इस दुर्लभ योग के कारण कुछ राशियों को विशेष लाभ होगा और उनको करियर और आर्थिक मामलों में प्रगति के अवसर मिल सकते हैं। आइए जानते हैं कि किन  राशियों पर शनि के इस गोचर का कैसा प्रभाव पड़ेगा।
मेष राशि – शनिदेव का गोचर मेष राशि के जातकों के जीवन में कुछ विषम परिस्थितियां पैदा कर सकता है। उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, आर्थिक परेशानियां और पारिवारिक कलह का सामना करना पड़ सकता है। कार्यक्षेत्र में भी बाधाएं आ सकती हैं और मेहनत का उचित फल मिलने में देरी हो सकती है।
उपाय – शनिवार के दिन श्री बजरंग बाण का पाठ करें।
वृषभ राशि – करियर में उन्नति और संपत्ति लाभ वृषभ राशि के जातकों के लिए यह गोचर शुभ फलदायी रहेगा। नौकरी में बड़े अधिकार मिलने की संभावना है। सुख-सुविधाओं में वृद्धि होगी, भूमि और भवन से संबंधित नई योजनाओं में सफलता मिलेगी। व्यापार में आर्थिक लाभ होगा और करियर में उन्नति के योग बनेंगे। हालांकि, स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना आवश्यक होगा। वाणी में सकारात्मकता बनाए रखें, इससे रुके हुए कार्य पूरे हो सकते हैं।
उपाय – दुर्गा माता जी के बीज मंत्र का जाप करें।
मिथुन राशि – कानूनी मामलों में सफलता मिथुन राशि के जातकों को शनि गोचर से कानूनी मामलों में राहत मिलेगी। यदि कोई मुकदमा लम्बे समय से अटका हुआ है, तो उसमें सफलता मिलने के योग बन रहे हैं। नौकरी में परिस्थितियां अनुकूल रहेंगी और व्यापारिक यात्राएं लाभकारी होंगी। प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी, लेकिन परिवार के सदस्यों की भावनाओं को आहत न करें। व्यापार में भी अनुकूलता बनी रहेगी। इस समय निवेश करने से पहले सोच-समझकर निर्णय लें।
उपाय – शनिवार को दिव्यांग लोगों को भोजन कराएं।
कर्क राशिफल – शनि का यह गोचर कर्क राशि के नवें भाव में होने जा रहा है। यह भाग्य और उन्नति से जुड़ा हुआ है। इस दौरान जातकों की पुरानी समस्याएं समाप्त होंगी। विद्यार्थियों का उच्च शिक्षा पाने का सपना पूरा होने की प्रबल संभावना रहेगी। माता-पिता का पूरा सहयोग प्राप्त होगा। परिवार के सदस्यों के साथ संबंध मजबूत होंगे। विवाहित जातकों को प्रेम की प्राप्ति होगी और चल रहा तनाव भी दूर होगा। स्वास्थ्य ठीक रहने के संकेत है।
उपाय – साबुत काली उड़द का दान शनिवार को करें।
सिंह राशिफल – सिंह राशि वालों की कुंडली में शनि देव अष्टम भाव में प्रवेश करेंगे, जिससे इस राशि के जातकों के लिए कंटक शनि की ढैया शुरू हो जाएगी। इस दौरान आपको अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। हालांकि इस दौरान आप प्रयास करके अपना उधार चुकाने में कामयाब हो सकते हैं। कचहरी के मामलों में सफलता मिलेगी। आपको अपने खर्चों पर नियंत्रण रखना होगा। आपको कार्यक्षेत्र में उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। अत: शांत रहकर और मेहनत करें।
उपाय – शनिवार के दिन महाराज दशरथ कृत नील शनि स्तोत्र का पाठ करें।
कन्या राशि – निवेश में लाभ और करियर ग्रोथ शनि गोचर कन्या राशि के जातकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लेकर आएगा। करियर में नए अवसर मिल सकते हैं, जिससे व्यवसाय में आर्थिक वृद्धि होगी। इस दौरान सामाजिक प्रतिष्ठा में भी वृद्धि होगी। शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में निवेश लाभकारी रहेगा। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे और प्रमोशन के योग बन सकते हैं। हालांकि, स्वास्थ्य का ध्यान रखना आवश्यक होगा।
उपाय – शनिवार के दिन छाया दान करें।
तुला राशिफल – शनि के छठे भाव में गोचर अनुकूल फल देते है। विरोधियो पर विजय हासिल करेंगे और कार्यक्षेत्र में आपका दबदबा बढ़ेगा और स्थिति मजबूत होगी। नवंबर के बीच स्वास्थ्य के प्रति सचेत और सावधान रहें। पुश्तैनी जायदाद से संबंधित कार्यों में सावधानी बरतें। याद रखें की संघर्ष से ही आपको सफलता मिलेगी, इसलिए मेहनत करे।
उपाय – उड़द की दाल के बड़े या गुलगुले सरसों के तेल में बनाकर गरीबों को शनिवार को बांटें।
वृश्चिक राशिफल – वृश्चिक राशि के जातकों के लिए शनि महाराज के प्रभाव से प्रेम संबंधों में प्रगाढ़ता आएगी, संबंध मजबूत होंगे। कुँवारे जातकों का विवाह भी हो सकता है। आप इस दौरान नौकरी या व्यापार बदल सकते हैं। लेकिन जुलाई से नवंबर के बीच कोई रिस्क न लें। संतान को लेकर कुछ चिंताएं रहेंगी लेकिन आमदनी में बढ़ेगी। सावधानी पूर्वक शेयर बाजार में निवेश करने से आपको लाभ मिल सकता है। धन संचय करने से ही आपको आर्थिक सफलता मिल पाएगी।
उपाय-  शनिवार के दिन आठ बार श्री हनुमान चालीसा का पाठ करें।
धनु राशि – व्यापार में अप्रत्याशित लाभ धनु राशि के जातकों को शनि गोचर से व्यवसाय और करियर में अप्रत्याशित लाभ मिल सकता है। रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे और व्यावसायिक यात्राएं फलदायी रहेंगी। निवेश करना लाभकारी रहेगा। नौकरी में वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिलेगा और अधिकार बढऩे की संभावना है। किसी पुरानी समस्या का समाधान भी संभव है। हालांकि, वाहन चलाते समय और वित्तीय लेन-देन करते समय सतर्क रहें। जुलाई से नवंबर के बीच किसी संक्रमण से बचाव और माता के स्वास्थ्य के प्रति विशेष ध्यान दें।
उपाय – शनिवार के दिन काले तिलों का दान करें।
मकर राशिफल – अब आपकी साढ़ेसाती समाप्त हो जाएगी। और तीसरे भाव में शनि होने से आपको जीवन में अनुकूल प्रभाव मिलेगा। देश विदेश की यात्राओं के योग बनेंगे। धार्मिक कार्यों में आपकी रुचि जागेगी। भाई – बहन व संतान पक्ष मजबूत रहेगा। बुद्धिमानी और चतुराई से कामों में सफलता प्राप्त होगी। जुलाई से नवंबर के बीच आपको पेट से जुड़े रोग परेशान कर सकते हैं। इस दौरान अपने माता पिता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। व्यापार ठीक रहेगा।
उपाय – शनिवार का व्रत रखना आपके लिए लाभदायक रहेगा।
कुंभ राशि – सामाजिक प्रतिष्ठा और आर्थिक लाभ शनि का यह गोचर कुंभ राशि के जातकों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी और नौकरी में सराहना मिलेगी। व्यापार में सकारात्मक बदलाव आएंगे और प्रतिद्वंद्विता में बढ़ोतरी होगी। शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में जल्दबाजी न करें, निर्णय सोच-समझकर लें। इस दौरान वाणी पर संयम बनाए रखना फायदेमंद रहेगा। आर्थिक रूप से यह समय लाभकारी सिद्ध हो सकता है। संपत्ति के क्रय विक्रय से लाभ हो सकता है।
उपाय – सरसों तेल का दीपक लगाकर श्री शनि चालीसा का पाठ किया करें।
मीन राशिफल – मीन राशि के जातकों के लिए शनिदेव विशेष रूप से प्रभावशाली प्रभाव डालेंगे। क्योंकि शनि महाराज आपकी ही राशि में डेरा जमाने वाले हैं। इस दौरान आपका भाई – बहनों से प्रेम व स्नेह बढ़ेगा। जीवनसाथी को स्वास्थ्य समस्याएं परेशान कर सकती हैं। नए लोगों से व्यावसायिक संबंध स्थापित हो सकते हैं। व्यापार से लाभ होगा। व्यापार के लिए दीर्घकालिक अवधि की योजनाएं बनाना आपके लिए कारगर साबित होगा। नौकरी करने वाले जातकों को भी लाभ मिलेगा। जुलाई से नवंबर के बीच मानसिक तनाव के साथ शारीरिक समस्याएं बढ़ सकती है। अत: विशेष सावधानी बरतनी होगी।
उपाय – शनिवार के दिन छाया दान करना लाभदायक रहेगा।

Share This Article