रायगढ़। भाजपा के चाय बेचने वाले प्रत्याशी जीवर्धन चौहान ने नगरीय निकाय चुनाव में जीत दर्ज कर महापौर का पद संभाल लिया है। शपथ ग्रहण के बाद जीवर्धन चौहान ने नगर निगम की कमान संभाल ली और अब उनकी दिनचर्या पूरी तरह बदल गई है। वो शहर की सफाई व्यवस्था पर ध्यान दे रहे हैं।
महापौर बनने से पहले जीवर्धन चौहान पूरा दिन चाय की दुकान पर बिताते थे। वो सुबह पांच बजे अपनी दुकान पर पहुंच जाते थे, लेकिन अब उनकी दिनचर्या पूरी तरह बदल गई है। सुबह पूजा-पाठ करने के बाद वो निगम पहुंच रहे हैं। सोमवार को जीवर्धन चौहान ने परिवार के साथ पूजा-पाठ करने के बाद निगम में कार्यभार संभाला।
पानी की समस्या दूर करने ली बैठक
इसके बाद से ही वे शहर की सफाई व्यवस्था और गर्मी को देखते हुए पानी की समस्या पर ध्यान दे रहे हैं। गर्मी में अक्सर बोर पंप जलने की शिकायतें आती रहती हैं। ऐसे में बोर पंप की कमी न होने देने के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं भी करवा रहे हैं। इसके लिए आज उन्होंने जल विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों के साथ बैठक भी की।
अपने वार्ड से की शुरुआत
मेयर जीवर्धन चौहान ने बताया कि, सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने अपने वार्ड से शुरुआत की है। इसके अलावा अलग-अलग मोहल्लों में भी सफाई पर ध्यान दिया जा रहा है। सफाई गैंग की मदद से सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। गर्मी में पानी की समस्या देखने को मिलती है। इस गर्मी में पानी की समस्या न हो, इसके भी उपाय किए जा रहे हैं।
कुत्तों के आंतक दूर करने की कोशिश
शहर में कुत्तों का आतंक काफी देखने को मिल रहा है। हर वार्ड में इनकी संख्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में कई बार ये रात के अंधेरे में लोगों का पीछा कर उन्हें काट लेते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए महापौर ने कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने के लिए योजना बना रहे हैं। इसके साथ ही जिन सडक़ों पर रात के समय अंधेरा रहता है, वहां लाइट की व्यवस्था भी की जाएगी।
मेयर बनते ही शहर की सफाई-पानी व्यवस्था पर फोकस
‘चायवाले’ जीवर्धन चौहान की बदली दिनचर्या
