रायगढ़। वित्त मंत्री विधायक रायगढ़ ओपी चौधरी द्वारा 100 पेज के हस्तलिखित बजट की गूंज पूरे देश में हो रही है आजादी के बाद आज तक किसी ने हस्त लिखित बजट पेश नहीं किया। हस्त लिखित बजट को गांधी के स्वदेशी के लिए किए गए प्रयासों से जोड़ कर देखा जा रहा है।छत्तीसगढ़ के बजट भाषण में हिंदुत्व की झलक भी नजर आई वित्त मंत्री ओपी ने अटल जी की कविता ‘रग-रग हिन्दू मेरा परिचय’ नामक कविता का उल्लेख किया। बजट के साथ प्रगति और प्रगति के साथ साथ गति को जोडऩे का ओपी ने अनोखा प्रयास किया यह प्रयास आम जनता को भा रहा है। ओपी द्वारा पेश किए बजट से विष्णु देव साय सरकार की आम जनता के साथ प्रतिबद्धता नजर आई वही प्रशासनिक काम काज की शैली में सुधार के लिए बजट में प्रावधान से यह स्पष्ट हो गया कि सरकार सुशासन के लिए अभिनव प्रयोग में विश्वास करती है। छग गठन के ढाई दशकों में जो नहीं हो पाया वो ओपी ने दो वर्षों में करके दिखा दिया। ओपी ने बजट की शुरुआत एक कविता से की जिसमें उन्होंने कहा कोई जो पूछे शौर्य का पर्याय, तो तुम वीर नारायण-गुण्डाधुर की तलवार लिख देना कोई जो पूछे समानता का पर्याय,तो तुम गुरु घासीदास महान लिख देना कोई जो पूछे राम-राम का पर्याय, तो तुम छत्तीसगढ़ी में जय जोहार लिख देनाऔर, कोई जो पूछे चारों धाम का पर्याय, तो तुम मेरे छत्तीसगढ़ का नाम लिख देना।
बजट को लेकर सराहनीय प्रतिक्रिया
वित्त मंत्री ओपी द्वारा पेश बजट के संबंध में सूबे के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मंच में कहा हमारी सरकार ने छत्तीसगढ़ के समावेशी विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए वर्ष 2025-26 के लिए 1 लाख 65 हजार करोड़ रूपए का बजट विधानसभा में प्रस्तुत किया है। जिससे अटल निर्माण वर्ष में विकास और जनकल्याण को नई दिशा मिलेगी। यह बजट गुड गवर्नेंस, अधोसंरचना, टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्रियल ग्रोथ के चार स्तंभों पर आधारित है, जो छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर, समृद्ध और सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभायेगा।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने बजट प्रतिक्रिया के संबंध में कहा डबल इंजन की सरकार छत्तीसगढ़ की जनता की सेवा के लिए समर्पित है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं मा. वित्त मंत्री ओपी चौधरी के नेतृत्व में प्रस्तुत अटल निर्माण वर्ष का यह स्वर्णिम बजट विकसित छत्तीसगढ़ की संकल्पना को पूर्ण करने वाला बजट है। यह बजट ‘गति’ थीम पर आधारित होकर प्रदेश की प्रगति को गति देने वाला बजट है, जो विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और देवतुल्य जनता के आशीर्वाद से हम छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
विधान सभा अध्यक्ष विधायक राजनांदगांव पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने बजट कर प्रतिक्रिया देते हुए कहा वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट ऐतिहासिक बजट है ।,पहली बार हस्तलिखित बजट पेश करने पर वित्तमंत्री ओपी चौधरी बधाई के पात्र है। राज्य के आगामी भविष्य के लिए समर्पित ‘गति’ के बजट पर शुभकामनाएं भी दी।
उप मुख्यमंत्री लोरमी विधायक अरुण साव ने बजट के संबंध में कहा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की रजत जयंती वर्ष का स्वर्णिम बजट प्रस्तुत हुआ है। अटल निर्माण वर्ष का यह बजट विकसित छत्तीसगढ़ की संकल्पना को पूर्ण करने वाला एवं प्रदेश की प्रगति का बजट है। देवतुल्य जनता के आशीर्वाद से उनके भरोसे को कायम रखते हुए हम छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाएंगे।
छत्तीसगढ़ प्रभारी व बिहार के मंत्री नितिन नवीन ने बजट के संबंध कहा छत्तीसगढ़ अपने स्थापना के 25 वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस विशेष अवसर पर वित्तमंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट 2025-26 राज्य के समग्र विकास, युवाओं की आकांक्षाओं, किसानों की समृद्धि और महिलाओं के सशक्तीकरण का प्रतिबिंब है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की डबल इंजन सरकार जनकल्याण और विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। यह बजट छत्तीसगढ़ की प्रगति का बजट साबित होगा। साथ ही प्रदेश को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। छत्तीसगढ़ की जनता को इस ऐतिहासिक बजट की सौगातों के लिए हार्दिक बधाई भी दी।
उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विधायक कवर्धा विजय शर्मा ने बजट को जादूगरी का बजट बताते हुए कहा पूंजीगत व्यय बढऩे के बाद भी कर-निर्धारण कम हो रहे है। ये तब ही संभव है जब राज्य सरकार आय को बढ़ाए । पिछले एक वर्ष में सरकार ने आय को बढ़ाने का काम किया गया है।
मंत्री राम विचार नेताम ने बजट के संबंध में सोशल मंच पर कहा प्रदेश के किसानों के सशक्तिकरण हेतु ‘स्वर्णिम बजट 2025-26’ में ऐतिहासिक प्रावधान किया गया है। प्रदेश के किसानों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने हेतु यह बजट एक नया आयाम स्थापित करेगा। इस ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी बजट के लिए माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं माननीय वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने बजट के संबंध में कहा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा अटल निर्माण वर्ष 2025-26 का बजट प्रस्तुत किया गया। यह बजट सर्वसमाज के उत्थान और लोककल्याण को समर्पित है। विकसित छत्तीसगढ़ के विजन को साकार करने की दिशा में यह बजट नए अवसर, सशक्त अर्थव्यवस्था और समावेशी विकास की मजबूत नींव रखेगा ।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बजट के संबंध में कहा छत्तीसगढ़ सरकार का यह नया बजट राज्य के विकास को गति प्रदान करने वाला बजट है। यह बजट प्रदेश के सुनहरे भविष्य की नींव रखता है। इस बजट में किसानों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों और व्यापारियों के लिए विशेष प्रावधान है। महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी, नर्सिंग कॉलेजों की स्थापना, युवाओं के कौशल विकास, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर दिया गया है। सिंहदेव ने कहा यह बजट हमारे विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने वाला बजट है।
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने अपने सोशल मंच पर कहा ओपी चौधरी जी द्वारा पेश किए बजट से पंडरिया विधानसभा के विकास को जीएटीआई मिलेगी। विधायक भावना बोहरा ने बजट 2025-26 में पंडरिया विधानसभा अंतर्गत जल संसाधन विभाग अंतर्गत 221.80 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान करने के लिए माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी जी का आभार जताया। बजट में शामिल विकास कार्यों से कृषकों को सिंचाई हेतु पर्याप्त जल आपूर्ति होगी जिससे अन्नदाताओं के फसल में वृद्धि व उनका आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित होगा वहीं पर्याप्त जल आपूर्ति से क्षेत्र में जल समस्या का निराकरण होगा। पंडरिया विधानसभा की समृद्धि और खुशहाली के लिए यह परियोजनाएं सार्थक सिद्ध होंगी। वित्त मंत्री ने मंत्रियों विधायकों द्वारा सोशल मंच में बजट के संबंध में साझा किए गए विचारों को शेयर करते हुए आभार भी व्यक्त किया।