कोयला लोड ट्रेलर ने बाइक चालक को कुचला, हुई मौत

रात करीब 11 बजे कंपनी से लौटते समय हुआ हादसा, तमनार क्षेत्र के धौराभाठा की घटना

Gupta Lochan
5 Min Read

रायगढ़. बीती रात कंपनी से बाइक में सवार होकर एक युवक अपने घर जा रहा था, इस दौरान कोयला लोड ट्रेलर ने अपनी चपेट में ले लिया, इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों के साथ परिजनों ने शव को सडक़ में रखकर रात से ही चक्काजाम शुरू कर दिया, जो शनिवार को दोपहर करीब दो बजे चक्काजाम समाप्त हुआ।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम बिजना निवासी अजय बिसी पिता संतोष बिसी (25 वर्ष) तमनार के मानसिंह कंपनी में काम करता था। ऐसे में शुक्रवार को भी वह ड्यूटी में गया था, इस दौरान रात करीब 10 बजे ड्यूटी से छुटने के बाद अपनी प्लेटिना बाइक क्रमांक सीजी 13 जी-1720 में सवार होकर घर जाने के लिए निकला था, इस दौरान ग्राम धौराभाठा से पार होकर ग्राम खुरुषलेंगा के पहुंचने ही वाला था कि सामने से एक कोयला लोड ट्रेलर के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसे अपनी चपेट में ले लिया, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, वहीं ट्रेलर चालक ने हादसे के बाद वाहन सहित फरार हो गया। इस दौरान अन्य कंपनियों से लौट रहे अन्य ग्रामीणों ने उसे देखा तो आसपास के लोगों को इसकी सूचना दिया, जिससे ग्रामीण मौके पर पहुंच कर उसकी पहचान बिजना निवासी अजय बिसी के रूप में किया और इसकी सूचना परिजनों व पुलिस को देते हुए शव को सडक़ पर रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस रात भर ग्रामीणों को समझाईश देने का प्रयास करती रही, लेकिन अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। ऐसे में दोपहर में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा लेकिन ग्रामीण घटना स्थल पर बैठे रहे, इससे पुलिस ने शाम को पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है।
नौ घंटा बाद जाम हुआ समाप्त
उल्लेखनीय है कि हादसे के बाद चक्काजाम में बैठे ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसे को लेकर लंबे समय से सडक़ सुरक्षा व बाइपास सडक़ की मांग की जा रही है, लेकिन इस संबंध में कोई पहल नहीं हो रहा है। ऐसे में सुबह करीब 10 बजे पुलिस प्रशासन व कंपनी प्रबंधन द्वारा ग्रामीणों को समझाईश दी जा रही थी लेकिन ग्रामीणों का कहना था कि जब तक इनकी मांगे पूरी नहीं होती है तब तक ये प्रदर्शन जारी रहेगा। ऐसे में दोपहर करीब दो बजे फिर से इस बैठक हुई, जिसमें प्रशासन द्वारा आश्वासन दिया गया कि बहुत जल्द उनकी मांगे पूरी होगी। जिसके बाद दोपहर करीब दो बजे चक्काजाम समाप्त हो सका।
दो लाख रुपए मिला मुआवजा
वहीं ग्रामीणों की आक्रोश को देखते हुए पुलिस के साथ तमनार तहसीलदार और स्थानीय कंपनी प्रबंधन से चर्चा कर मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि के रूप में दो लाख रुपए दिया गया, साथ ही आश्वासन दिया गया कि हादसों को रोकने कारगर पहल किया जाएगा, इसके साथ ही सडक़ निर्माण भी होगा, तब जाकर ग्रामीण शांत हुए।
वाहनों की लग गई थी लंबी कतार
गौरतलब हो कि हादसे के बाद ग्रामीणों द्वारा रात से ही चक्काजाम किए जाने के कारण धौराभाठा व खुरुषलेंगा सडक़ के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। वहीं ग्रामीणों का कहना था कि इस मार्ग से दिन-रात कोयल लोड वाहनों का आना-जाना लगा रहता है, जो अधिक फेरा लगाने के चक्कर में तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हंैं, जिसके चलते इस तरह के हादसे आए दिन होते रहता है। ऐसे में जब तब सडक़ सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था नहीं हो जाती है, तो फिर से प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं दोपहर बाद जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने वाहनों को सुरक्षित तरीके से आवागमन शुरू कराया।

Share This Article